शनिवार, 16 अगस्त 2014

यादव व किरण की बदोलत अजमेर का बढ़ा मान

भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राज्यसभा सदस्य भूपेन्द्र सिंह यादव को महामंत्री और अजमेर से लोकसभा चुनाव लड़ चुकीं विधायक श्रीमती किरण माहेश्वरी को उपाध्यक्ष बनाए जाने से अजमेर का मान बढ़ा है। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि केन्द्र व राज्य में भाजपा की सरकार होने और भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अजमेर के दो दमदार नेताओं के महत्वपूर्ण पदों पर पहुंचने से अजमेर को लाभ होगा। वे यहां के विकास के लिए भरपूर दबाव बनाएंगे। हालांकि उनकी नियुक्ति के साथ ही यह लगभग तय माना जा सकता है कि अजमेर को केन्द्रीय मंत्रीमंडल में स्थान नहीं मिल पाएगा।
आपको ज्ञात होगा कि यादव अपनी कॉलेज लाइफ अजमेर में बिता चुके हैं और उनकी अजमेर में खासी रुचि है। इसी कारण यदाकदा अजमेर आते भी रहते हैं। अजमेर उनकी नजर कितना महत्वपूर्ण है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपने खासमखास अरविंद यादव को शहर भाजपा का अध्यक्ष बनवाया है, ताकि संगठन पर यहां उनकी पकड़ रहे। यहां उनके चहेतों में पूर्व नगर परिषद सभापति सुरेन्द्र सिंह शेखावत व पार्षद जे. के. शर्मा की गिनती होती है। जाहिर है वे भी अब प्रभावशाली भूमिका में होंगे।

जहां तक श्रीमती किरण माहेश्वरी का सवाल है, हालांकि वे अभी अजमेर जिले से विधायक नहीं है, मगर अजमेर संभाग की होने और अजमेर से लोकसभा चुनाव लड़ चुकने के कारण उनका अजमेर से लगाव है। लोकसभा चुनाव हार जाने के बाद भी वे यहां कई बार आती रही हैं। वे कह भी चुकी हैं कि भले ही वे अजमेर से हार गईं, मगर यहां का सदैव ध्यान रखेंगी। उम्मीद की जानी चाहिए कि वे अपने वादे पर कायम रहेंगी। अजमेर में उनकी कितनी प्रतिष्ठा है, इसका अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि शहर भाजपा की ओर से जारी बधाई संदेश में उनका भी नाम है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें