अजमेर। सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध नवपंख संस्थान ने होली के पावन अवसर पर दिनांक 3/03/2026 को शहर के विभिन्न स्थानों पर जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के लोगों के साथ रंगोत्सव मनाकर समाज में प्रेम, सद्भाव और समानता का संदेश दिया।
शुक्रवार, 6 मार्च 2026
नवपंख संस्थान द्वारा जरूरतमंदों के साथ हर्षोल्लासपूर्वक होली उत्सव का आयोजन
नवसंवत्सर महोत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजन समिति की बैठक सम्पन्न
ब्यावर। आगामी नवसंवत्सर महोत्सव के उपलक्ष्य में नवसंवत्सर चैत्र शुक्ला प्रतिपदा 2083 की पूर्व संध्या 18 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले दीपदान एवं भव्य आयोजन को लेकर आयोजन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार शाम तालाब की पाल स्थित सुभाष उद्यान में आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित एवं जनसहभागिता के साथ आयोजित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा विभिन्न व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
कंसल्टेंट सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. रजत चौधरी की मित्तल हॉस्पिटल में नियमित सेवाएं प्रारंभ
अजमेर, 6 मार्च () कंसल्टेंट सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. रजत चौधरी ने मित्तल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, पुष्कर रोड अजमेर में अपनी नियमित सेवाएं शुरू कर दी हैं।एक सादा समारोह में हॉस्पिटल के निदेशक सुनील मित्तल ने बुके भेंट कर कंसल्टेंट सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. रजत चौधरी का स्वागत किया एवं हॉस्पिटल में उनके सुखद प्रवास की कामना की।
इस अवसर पर हॉस्पिटल की वाइस प्रेसीडेंट (आॅपरेशन) डॉ विद्या दायमा ने डॉ. रजत चौधरी का हॉस्पिटल के अन्य चिकित्सा विशेषज्ञों से परिचय कराया। उन्होंने बताया कि डॉ. रजत चौधरी मूल रूप से महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। डॉ रजत चौधरी ने एमबीबीएस की पढ़ाई क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज वेल्लोर से की है। इसके बाद उन्होंने एमएस (जनरल सर्जरी) मणिपाल यूनिवर्सिटी से गोल्ड मेडल के साथ पूर्ण की तथा एम.सी.एच. (सर्जिकल ऑन्कोलॉजी) सवाई मान सिंह मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल जयपुर से गोल्ड मेडल प्राप्त करते हुए पूरी की। डॉ. चौधरी कैंसर सर्जरी के क्षेत्र में विशेषज्ञ हैं और सभी प्रकार के कैंसर की सर्जरी, आधुनिक तकनीकों के साथ लैप्रोस्कोपिक (की-होल) सर्जरी तथा समग्र कैंसर उपचार की सेवाएं प्रदान करने में दक्ष हैं।
हॉस्पिटल के निदेशक अनिल मित्तल, डॉ दिलीप मित्तल, मनोज मित्तल, डॉ चक्रपाणि मित्तल एवं सार्थक मित्तल ने डॉ रजत चौधरी को शुभकामनाएं दीं। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि मित्तल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर शीघ्र अजमेर में स्वयं का अलग से कैंसर हॉस्पिटल भी शुरू करने जा रहा है जहां कैंसर के रेडिएशन एवं पैट स्केन की सुविधाएं भी एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। इससे अब अजमेर एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को विभिन्न प्रकार के कैंसर के विशेषज्ञ सर्जिकल उपचार के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी और उन्हें यह सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी।
इस मौके पर हॉस्पिटल के सीईओ एस के जैन, वाइस प्रेसीडेंट श्याम सोमानी, डिप्टी जनरल मैनेजर विजय रांका सहित अन्य चिकित्सक व अधिकारीगण उपस्थित थे।
डॉ रजत चौधरी सोमवार से शनिवार तक सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक एवं शाम 5 से 7 बजे तक मित्तल हॉस्पिटल में बतौर कंसल्टेंट सर्जिकल ऑन्कोलॉजी (कैंसर शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ) के तौर पर उपलब्ध रहेंगे।
वैदिक दृष्टि से महिला सशक्तिकरण पर मंथन
एमडीएस विश्वविद्यालय में आयोजित होगी राष्ट्रीय संगोष्ठी
“सशक्त नारी: महिला सशक्तिकरण पर वैदिक विमर्श” विषय पर विद्वानों का संगम, सामाजिक-सांस्कृतिक दृष्टि से होगी व्यापक चर्चा
अजमेर, 6 मार्च 2026।
महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के महर्षि दयानंद शोधपीठ एवं महर्षि दयानंद सरस्वती यूजीसी चेयर के संयुक्त तत्वावधान में “सशक्त नारी: महिला सशक्तिकरण पर वैदिक विमर्श” विषय पर एक राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। यह संगोष्ठी शनिवार, 7 मार्च 2026 को अपराह्न 2:00 बजे विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्वराज सभागार, बृहस्पति भवन में आयोजित होगी। इससे पूर्व अपरान्ह १२.१५ बजे से वैदिक यज्ञ का आयोजन भी होगा
संगोष्ठी की मुख्य अतिथि अजमेर दक्षिण की माननीय विधायक एवं पूर्व मंत्री श्रीमती अनीता भदेल होंगी, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल करेंगे।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों के विद्वान महिला सशक्तिकरण के वैदिक, सामाजिक एवं समकालीन आयामों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय विश्वविद्यालय, जम्मू की प्रो. वंदना शर्मा, सेवानिवृत्त शिक्षाविद् प्रो. लक्ष्मी ठाकुर, वित्त नियंत्रक नेहा शर्मा तथा राजकीय कन्या महाविद्यालय, अजमेर की डॉ. निहारिका राठौड़ मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार व्यक्त करेंगी।
संगोष्ठी का उद्देश्य वैदिक साहित्य और भारतीय परंपरा में निहित नारी के सम्मान, अधिकार और सामर्थ्य की अवधारणा को समकालीन संदर्भों में पुनः स्थापित करना तथा समाज में महिला सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम का संयोजन में विश्वविद्यालय के कुलसचिव कैलाश चंद्र शर्मा तथा महर्षि दयानंद शोधपीठ एवं यूजीसी चेयर के प्रभारी प्रो. ऋतू माथुर द्वारा किया गया है
14 मार्च का सिन्धु रत्न व वरिष्ठजन सम्मान
23 मार्च सिन्धु संस्कृति मेला, टेलेन्ट शो व सिन्धी खानपान प्रतियोगिता
अजमेर, 06 मार्च, सिन्धी समाज महासमिति अजमेर द्वारा चेटीचंड पखवाड़े के तहत 14 मार्च 2026 को सिन्धु रत्न व वरिष्ठन सम्मान व 23 मार्च 2026 को सिन्धी लेडिज क्लब, श्री ताराचन्द हुंदलदास खानचन्दानी व सांई बाबा मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में सिन्धु संस्कृति मेला, टेलेन्ट शॉ, लाडा, गायन, नृत्य व सिन्धी खान-पान (ताप) प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
14 मार्च को सिन्धु रत्न सम्मान
संयोजक गिरधर तेजवानी ने बताया कि 14 मार्च को प्रातः 11 बजे सिंधी समाज महासमिति एवं सिंधु इतिहास व साहित्य शोध संस्थान के तत्वावधान में 5 सिन्धु रत्न सम्मान दिए जाएंगे व 11 सिन्धी अरबी व देवनागरी भाषा का लेखन और बोली के जानकार 60 वर्ष से अधिक वरिष्ठजनों का सम्मान किया जाएगा, जो सिन्ध के पुराने लेखक, साहित्यकार व इतिहासकार बंधुओं का एक लिपी से दूसरी लिपी में परिवर्तन करने में सहयोग करेंगे।
23 मार्च 2026 को सिन्धु संस्कृति मेला, टेलेन्ट शॉ व सिन्धी खानपान प्रतियोगिता
सिन्धी समाज महासमिति, सिन्धी लेडीज क्लब, सांई बाबा मंदिर ट्रस्ट व अमरापुर सेवा घर के तत्वावधान में टेलेन्ट शो-नृत्य-लाडा गीत, ताम चटाभेटी, सिन्धु संस्कृति मेले का आयोजन किया जाएगा।
ताम प्रतियोगिता के संयोजक हेमा दीपक साधवानी ने बताया कि सिन्ध के खान-पान को नई पीढ़ी तक जानकारी देने के लिए ताम प्रतियोगिता का आयोजन सांई बाबा मंदिर, अजय नगर में आयोजन किया जाएगा।
सिन्धी संस्कृति मेले में सिन्धी भोजन व नाश्ते की स्टॉले समाज के प्रतिनिधियों द्वारा लगाई जाएगी। मेले में स्टॉल लगाने के लिए शंकर बदलानी से 9251003143 पर सम्पर्क कर सकते है।
टेलेन्ट शॉ-नृत्य-लाडा गीत की संयोजक दिशा किशनानी व प्रेम केवलरमानी ने बताया कि सिन्ध के नृत्य-लाडा गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, इस प्रतियोगिता में फार्म 18 मार्च को 5 बजे तक मंगलम एजेंसीज एसबीआई बैंक के पास केसरगंज, प्रकाश फोटो स्टेट स्टेशन रोड, द स्मार्ट आउटफिट स्वामी कॉम्पलेक्स, कचहरी रोड, पर प्राप्त कर सकते है, जिसमें विजेताओं को आकर्षण पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में किसी भी उम्र के प्रतिभागी भाग ले सकते है।
हरी चन्दनानी
महासचिव
सिन्धी समाज महासमिति
मो. 96497-50811
अजमेर में 7 से 10 मार्च तक तृतीय अजमेर थिएटर फेस्टिवल
एनएसडी रंगमंडल के चार चर्चित नाटकों का होगा मंचन, सभी प्रस्तुतियां दर्शकों के लिए निःशुल्क
अजमेर, 5 मार्च। शहर के रंगमंच और कला प्रेमियों के लिए 7 से 10 मार्च तक तृतीय अजमेर थिएटर फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर आज सूचना केन्द्र के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में फेस्टिवल का पोस्टर जारी किया गया तथा आयोजन की विस्तृत जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों को दी गई।
अपना थिएटर संस्थान के यॉबी जॉर्ज ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) के रंगमंडल द्वारा प्रस्तुत नाटकों को देखने के लिए सामान्यतः दर्शकों को बड़ी राशि खर्च करनी पड़ती है, लेकिन अजमेर के कलाकारों और दर्शकों के लिए इन सभी नाटकों का मंचन निःशुल्क होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह अजमेर के रंगमंचीय इतिहास में पहला अवसर है जब नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के चार चर्चित नाटकों का मंचन एक साथ शहर में किया जा रहा है।
फेस्टिवल के दौरान चार दिनों तक प्रतिदिन शाम 7 बजे जवाहर रंगमंच पर नाटकों की प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम की शुरुआत 7 मार्च को विजयदान देथा द्वारा लिखित “माई री मैं को से कहूं” के मंचन से होगी। 8 मार्च को मिथलेश्वर की कहानी पर आधारित नाटक “बाबूजी” प्रस्तुत किया जाएगा। 9 मार्च को धर्मवीर भारती का बहुचर्चित नाटक “अंधा युग” मंचित होगा तथा समारोह के समापन अवसर पर 10 मार्च को महाश्वेता देवी द्वारा लिखित प्रसिद्ध नाटक “बायन” का मंचन किया जाएगा। चारों ही प्रस्तुतियों में दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए राजेन्द्र सिंह ने बताया कि यह थिएटर फेस्टिवल संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार, नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा, नई दिल्ली, कला एवं संस्कृति विभाग, राजस्थान सरकार, जिला प्रशासन अजमेर तथा अजमेर विकास प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। आयोजन में आधुनिक नाट्य कला संस्थान, आप-हम संस्थान, कला अंकुर, इंडियन लेडीज क्लब, द टर्निंग पॉइंट पब्लिक स्कूल तथा न्यू आदर्श शिक्षा समिति सहयोगी संस्थाओं के रूप में सहभागिता निभा रही हैं।
प्रेस वार्ता में समारोह से जुड़े नाट्य कलाकार एवं कला प्रेमी उपस्थित रहे। इनमें निरंजन कुमार, विष्णु अवतार भार्गव, जुम्मा खान, उज्ज्वल मित्रा, संदीप, काव्यांश, अरविंद पाराशर, नंदकिशोर प्रजापति, शब्बीर, रवि, राहुल, पारस सहित अन्य कला प्रेमी मौजूद थे।
यॉबी जॉर्ज
मो. 9414258642
अजमेर मंडल पर महिला दिवस के उपलक्ष मे महिला खेल व मनोरंजन कार्यक्रम का आयोजन
उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन अजमेर मंडल द्वारा महिला दिवस के उपलक्ष मे दिनांक 06.03.2026 को अध्यक्षा महिला कल्याण संगठन, अजमेर मंडल श्रीमती रिंकल भूतड़ा की गरिमामयी उपस्थिति में मंडल कार्यालय के समीप स्थित जी एल ओ स्पोर्ट्स ग्राउंड मे विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान खेल प्रतियोगिता व संगीत जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए ।कार्यक्रम में मंडल पर कार्यरत लगभग 60 महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती रिंकल भूतड़ा के अलावा सचिव श्रीमती ज्योति उशाहरा और कोषाध्यक्ष श्रीमती सुषमा कुमारी सहित संगठन की अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थीं।






