सोमवार, 9 सितंबर 2024

अजमेर के ब्लॉगर्स दे रहे हैं शासन-प्रशासन को दिशा

अजमेर का मीडिया आरंभ से तेज तर्रार रहा है। पूरा प्रदेश अजमेर के पत्रकारों की जागरूकता का लोहा मानता है। खोज खबर से लेकर सामाजिक सरोकार के साथ शासन-प्रशासन को दिशा देने का धर्म सतत निभाता रहता है। अब पत्रकारों की एक पीढी सेवानिवृत्त हो गई है। नई पीढी ने प्रिंट मीडिया की जिम्मेदारी ले ली है। यह सुखद है कि अनुभवी सेवानिवृत्त पत्रकारों की कलम की स्याही अब भी नम है। रिटायरमेंट के बार घर जा कर नहीं बैठे हैं। सभी ने सोशल मीडिया के जगत में प्रवेश कर लिया है, ब्लॉग लेखन आरंभ कर दिया है और अपने धर्म की पालना कर रहे हैं। पहले से बेहतर। अखबारों में तो एक मर्यादा में रह कर ही लिखा करते थे, मगर अब स्वछंद हैं। उनकी लेखनी में और अधिक निखार आ गया है। भाषा शैली और अधिक प्रभावी हो गई है। इसका सबसे बडा फायदा यह हो रहा है कि अब वह भी उजागर हो रहा है, जो अखबारों में रहते हुए अनछुआ, अप्रकाशित रह जाता था। तुलनात्मक रूप से देखेंगे तो पाएंगे कि शासन-प्रशासन का प्रिंट की तुलना में बेहतर मार्गदर्शन कर पा रहे हैं। स्थिति ये है कि पाठक रोज नए ब्लॉग्स का इंतजार करते हैं। इनके जरिए घटनाओं की त्वरित जानकारी तो मिलती ही है, खबरों के पीछे की खबरें भी संज्ञान में आती हैं। नए दौर में यूट्यूबर्स भी सूचना तंत्र का त्वरित इस्तेमाल कर रहे हैं। जो खबर अखबारों में दूसरे दिन पढने को मिलती थी, वह अब वीडियो की शक्ल में आज ही अभी देखने को मिल रही है। इस नए युग को प्रणाम।

सडक के बीचोंबीच गायों के झुंड क्यों?

इन दिनों पूरे नगर में हर चौराहे व मुख्य मार्गों पर बीचोंबीच गायों के झुंड दिखाई दे रहे हैं। जाहिर है वे यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। छोटी मोटी दुर्धटनाएं रोज हो रही हैं। लोग परेशान हैं। मगर नगर निगम बेबस सा प्रतीत होता है। मुझे कौतुहल हुआ कि गायें आखिर चौराहों पर व मार्गों के बीचोंबीच ही क्यों खडी होती हैं। मैेने ग्रामीण परिवेश से जुडे सुपरिचित एडवोकेट राकेश धाबाई से इसका सबब पूछा। उन्होंने बताया कि इस मौसम में गायें मक्खियों से बहुत परेशान हैं। मक्खियों को पूंछ से उडाते उडाते तंग हो जाती हैं। इस कारण कुछ आक्रामक भी हो गई हैं। बीच सडक पर इस कारण खडी होती हैं, क्यों कि वहां से वाहनों की आवाजाही से हवा के साथ मक्खियां उड जाती हैं। इससे गायों को राहत मिलती है। ऐसी राहत सडक के किनारे खडे होने पर नहीं मिल सकती।