मंगलवार, 27 अगस्त 2024

पार्षद नरेश सत्यावना अघोषित नेता प्रतिपक्ष

कांग्रेस पार्षदगण में मतभेद खत्म होता नजर नहीं आ रहा। अनेक पार्षद कांग्रेस हाईकमान की ओर से बनाई नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर सुश्री द्रोपदी कोली को अपना नेता मानने को तैयार नहीं हैं। बाकायदा प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को ज्ञापन दे कर उन्हें हटाने की मांग कर चुके हैं। धरातल पर भी उनके समानांतर गतिविधियां कर रहे हैं। हाल ही उन्होंने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और मार्टिंडल ब्रिज के पास हो रहे गड्डों में अर्द्व नग्न प्रदर्शन कर शहर के विधायकों व प्रशासन को चेताया। उनका नेतृत्व पार्षद नरेष सत्यावना कर रहे थे। इस लिहाज देखा जाए तो वे अघोषित नेता प्रतिपक्ष हैं। विवाद से इतर वे जिस तरह से जनता की समस्याओं को मुखर हो कर आवाज बुलंद कर रहे हैं, वह वक्त की जरूरत भी है। इसी तरह पार्षद पति निर्मल बेरवाल भी लगातार फेसबुक लाइव के जरिये जनसमस्या की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर सुश्री द्रोपदी कोली भी निरंतर सक्रिय हैं। अजमेर दक्षिण की कांग्रेस प्रत्याशी होने के नाते अपना दायित्व निभाने का प्रयास कर रही हैं। फरवरी 2024 में नगर निगम द्वारा प्रत्येक वार्ड में 50-50 लाख विकास कार्य हेतु स्वीकृत हुये थे, लेकिन काफी समय के बाद भी उक्त बजट को निगम द्वारा पारित नहीं किया जा रहा था। इसी के चलते उन्होंने निगम प्रशासन पर दबाव बनाए रखा, नतीजतन निगम ने 25-25 लाख स्वीकृत कर दिए। उन्होंने आयुक्त को चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र ही आगामी दीपावली तक बकाया 25 लाख जारी नहीं किए गए तो धरना प्रदर्शन किया जायेगा। बहरहाल, जमीन पर काम कर रहे ये सभी नेता साधुवाद के पात्र हैं।