शनिवार, 6 जुलाई 2019

सोमरत्न आर्य पर फैसला आप करेंगे या कोर्ट?

एक नाबालिगा के साथ छेड़छाड़ के आरोप से घिरे दिग्गज भाजपा नेता सोमरत्न आर्य इन दिनों सर्वाधिक चर्चा में हैं। उन पर पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है। अब वे अग्रिम जमानत हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। यह प्रकरण इन दिनों सर्वाधिक चर्चा का विषय बना हुआ है। इस मुद्दे को लेकर सोशल मिडिया पर लटके पड़े बुद्धिजीवी आपस में उलझ रहे हैं। कोई आर्य को फांसी की सजा देने की पैरवी कर रहा है तो कोई उनकी स्वच्छ छवि को गिनवा कर आरोप को साजिश बता रहा है। हालत ये हो गई है कि जो लोग कथित पीडि़ता का साथ दे रहे हैं, उन पर ब्लैकमेलिंग के आरोप लगने लगे हैं।
असल में आर्य की कथित करतूत को लेकर सबसे पहले एमटीटीवी ने बिना उनका नाम प्रकाशित किए छोटी से खबर चलाई। इसी के साथ सोशल मीडिया पर जंग शुरू हो गई, मगर चूंकि इस मामले में पीडि़ता सामने नहीं आई थी, इस कारण आर्य का नाम उजागर करने की हिम्मत किसी शेख चिल्ली में नहीं थी। कुछ लोग क्लू दे कर उनकी ओर इशारा कर रहे थे। ब्लॉगर भी भला क्यों चुप रहने वाले थे। जैसे ही थाने में रिपोर्ट दर्ज हुुई, एमटीटीवी की कयासी खबर पर मुहर लग गई। स्वाभाविक रूप से सारी क्रेडिट भी उस के खाते में दर्ज हो गई। जब तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था, तब तक अपना भी इस बारे टांग अड़ाने का कोई मानस नहीं था। इस बीच मेरे एक परिचित ने मेरे वाट्स ऐप अकाउंट पर एक संदेश भेजा- समर शेष है, नहीं पाप का भागी केवल व्याघ्र, जो तटस्थ हैं, समय लिखेगा उनके भी अपराध। इसका सीधा सा अर्थ था कि वे मुझे भी कुछ लिखने को उकसा या प्रेरित कर रहे थे। जब इस मुद्दे पर अनेक लोगों की जुगाली परवान चढऩे लगी की तो मुझे भी लगा कि अपना भी दृष्टिकोण रखना ही चाहिए।
इस मुद्दे पर बहुत कुछ अंटशंट लिखा जा चुका है। उसकी चर्चा न ही की जाए तो बेहतर रहेगा। लिखने वालों ने अपनी ओर से आर्य को पूरी तरह से नंगा कर दिया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद स्वाभाविक रूप से उनको कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की भी मांग उठ रही है। कुछ लोगों ने जिस प्रकार की प्रतिक्रियाएं व्यक्त की हैं, उससे तो ऐसा प्रतीत होता है कि आर्य ने पक्के तौर पर कुकृत्य किया ही है। अगर वे निर्णय पर पहुंच गए हैं तो न्यायिक व्यवस्था की जरूरत ही क्या है? उनके कहे अनुसार ही सजा दे दी जानी चाहिए। मगर अपनी राय भिन्न है। अभी आरोप मात्र लगा है। गिरफ्तारी होगी। सबूत पेश होंगे, जिरह होगी, तब जा कर कोर्ट फैसला करेगा। उससे पहले उनका चरित्र हनन करना पूरी तरह से गैरकानूनी व गैर मानवीय है।
मुझे पत्रकारिता में जो ट्रेनिंग मिली है, उसके अनुसार यदि किसी को चोरी के आरोप में पकड़ा जाता है तो खबर लिखते समय हम ये हैडिंग नहीं लगाते कि चोर पकड़ा गया। हम लिखा करते हैं कि चोरी का आरोपी गिरफ्तार। अगर हम उसे चोर करार दे रहे हैं तो फिर पर उसके खिलाफ मुकदमा चलने का कोई अर्थ ही नहीं रह जाता। ये तो हुई विधिक बात।
अब बात करते हैं, धरातल पर मौजूद कुछ और तथ्यों की। यह एक सर्वविदित सच्चाई है कि आर्य का अब तक का पूरा जीवन पूरी तरह से समाज सेवा में बीता है। शहर की सर्वाधिक संस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते रहे हैं। राजनीति, समाजसेवा सहित ऐसा कोई फील्ड नहीं, जिसमें उनका दखल न हो। डिप्टी मेयर रह चुके हैं। ब्लड डोनेशन का रिकार्ड बना चुके हैं। ऐसे बहुआयामीय व्यक्तित्व की सामाजिक स्वीकारोक्ति स्वाभाविक है। इसका अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि कांग्रेसी नेताओं तक ने सधी हुई प्रतिक्रिया दी और सिर्फ ये कहा कि अगर उन्होंने ऐसा कृत्य किया है तो उन्हें सजा मिलनी ही चाहिए। मामला उजागर होने पर अधिसंख्य लोगों को सहसा विश्वास ही नहीं हुआ कि वे ऐसा घृणित कृत्य कर सकते हैं।
कदाचित ऐसी पंक्तियां पढ़ कर यह प्रतिक्रिया उठे कि उनका पक्ष लिया जा रहा है। मगर ऐसा है नहीं। एक आरोप की वजह से उनके पूरे जीवन की साधना पर पानी फेर देना न्यायोचित नहीं होगा। हां, अगर आरोप प्रमाणित हो जाता है तो निश्चित ही उन्हें सजा मिलेगी और मिलनी भी चाहिए। सोशल मीडिया पर चटकारापूर्ण ट्रायल करने की बजाय निर्णय कोर्ट पर छोड़ दिया जाना चाहिए। वैसे भी न्यायाधीश फेसबुकियों को बुला कर मतदान करवाने वाले नहीं हैं। फिलहाल वे अग्रिम जमानत की कोशिश में हैं। हां, अगर लंबे समय तक फरार रहते हैं तो उनकी गिरफ्तारी के लिए लोगों का लामबंद होना जायज होगा, ताकि जल्द से जल्द फैसला हो और पीडि़ता को समय पर न्याय मिले।
सिक्के का एक पहलु ये भी है कि कोई कितना भी प्रतिष्ठित क्यों न हो, उसे अपराध की छूट नहीं हो सकती। इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं, आसाराम बापू। वे वर्षों से जेल में हैं। यह अलहदा बात है कि उनके भक्त आज भी उन्हें निर्दोष मानते हैं और हर पूर्णिमा को जोधपुर जेल के बाहर जुट कर अपनी आस्था का इजहार करते हैं।
तस्वीर का एक चेहरा और। कोई भी नाबालिग यूं ही किसी के खिलाफ खड़ी नहीं हो सकती। जमीन की इसी हकीकत के मद्देनजर पोक्सा जैसा कड़ा कानून बनाया गया है। यही वजह है कि जब भी कोई नाबालिग पीडि़ता देहलीज पार करती है तो सहज ही उस पर यकीन कर लिया जाता है कि उसके साथ कुछ न कुछ हुआ होगा। मगर फैसला तब भी केवल आरोप लगाने मात्र से नहीं किया जाता। बाकायदा न्यायिक प्रक्रिया अपनाई जाती है।
उनके एक मित्र सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रभान प्रजापति का दर्द देखिए, वे कहते हैं:- आज उनके व्यक्तित्व पर चरित्र हीनता का दाग लगना और फिर संपूर्ण शहर में से किसी का भी उनका प्रत्यक्ष रूप से सामने आकर साथ न देना इस बात का प्रमाण है कि मानवता, सामाजिकता रिश्ते, दोस्ती सब एक हाशिये में आकर खड़ी हो गई हैं।
बात भले ही सही हो, मगर कोर्ट किसी के उनके साथ आने से प्रभावित होने वाला नहीं है। चाहे जितने एकजुट हो जाओ। वह तो पीडि़ता के बयान, सबूत, जिरह व कानूनी प्रावधान के तहत ही फैसला देगा। वैसे भी आर्य का कोई कितना भी करीबी मित्र क्यों न हो, वह यह तो कह सकता है कि वे ऐसा नहीं कर सकते, मगर वह यह नहीं कह सकता कि आर्य ने ऐसा नहीं किया है।
दूसरी ओर आर्य के विरुद्ध पीडि़ता का साथ देने की मुहिम चला रही समाजसेविका श्रीमती कीर्ति पाठक का भी दर्द इसी प्रकार का है। वे कहती हैं कि अजमेर को कुंभकर्णों की जरूरत नहीं है। संगठित विरोध ही समस्या का समाधान है। अर्थात उनकी पीड़ा है कि लोग साथ क्यों नहीं दे रहे? उनकी अपेक्षा अपनी जगह उचित ही है? मगर इस मामले में भी फार्मूला वही लागू होता है। न्यायालय इस आधार पर फैसला करने वाला नहीं है कि समाज में उनके खिलाफ कितने लोग खड़े हैं या कितने लोग पीडि़ता को न्याय दिलाने के लिए दबाव बना रहे हैं। इस मामले में कोर्ट के बाहर पीडि़ता का साथ दे रहे ये तो कह सकते हैं कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, मगर वे यह नहीं कह सकते कि आर्य दोषी हैं ही।
इस पूरे प्रकरण के गर्भ में कई तथ्य हैं, मगर चूंकि उन्हें प्रमाणित तौर पर नहीं कहा जा सकता, इस कारण उनका उल्लेख नहीं किया जा रहा है।
लब्बोलुआब, सार ये है कि फैसला न्यायालय के हाथ है। हम क्यों तो लाठियां भांजें और क्यों मुट्ठियां तानें? हां, अगर मुट्ठियां तानने से समाज सुधार होता है तो मैं उस मुहिम को सलाम करता हूं।
-तेजवानी गिरधर
7742067000

मंगलवार, 25 जून 2019

शहर के गुमनाम हिस्से में खिल रही है किरण

जयपुर रोड पर अजमेर शहर की सीमा पर एक गांव है बंदिया। आप में से कम ही लोगों ने उसका नाम सुना होगा। देखना तो दूर की बात है। इस छोटे से गांव में उभरती उम्र की एक युवती दिल में कुछ कर गुजरने का जज्बा लिए महक रही है। नाम है किरण। किरण रावत। दिलचस्प बात ये है कि उनकी मां विमला रावत ने उनका नाम किरण बेदी के व्यक्तित्व से प्रभावित हो कर रखा है। वे चाहती हैं कि वह एक दिन किरण बेदी जैसी शख्सियत बने। छरहरे बदन की किरण एक सामान्य सी युवती नजर आती है, मगर जैसे ही वह बोलना शुरू करती है तो यह अहसास करा देती है कि उसके भीतर एक अनोखी ऊर्जा है। गर परिस्थितियों ने साथ दिया तो वह एक दिन राष्ट्रीय क्षितिज पर उभर कर आ सकती है, इतना पोटेंशियल है उसमें।
किरण अपनी मां की प्रेरणा से गांव के गरीब बच्चों को पढ़ा कर न केवल साक्षर कर रही हैं, अपितु उनमें सभ्यता व संस्कृति के गुण भी विकसित करने में जुटी हुई हैं। यहां तक कि नहा-धुला कर तरीके से जीना भी सिखा रही हैं। उनके पास सीमित संसाधन है, मगर सोशल मीडिया के जरिए खासी लोकप्रियता हासिल कर चुकी हैं। चंद साल में ही उन्होंने इतनी साख बना ली है कि विभिन्न संस्थाएं व लोग उनकी सहायता कर संतुष्ट हैं। उन्होंने बाकायदा एनजीओ रजिस्टर्ड करवा रखा है, मगर फिलवक्त सरकारी सहायता से दूर हैं।
पिछले दिनों सर्व सिन्धी समाज महासभा की ओर से उनके निवास स्थान पर आयोजित एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेने का मौका मिला। इसमें उनको महासभा के अजमेर इकाई के अध्यक्ष सोना धनवानी की ओर से भूतपूर्व केबीनेट मंत्री स्वर्गीय श्री किशन मोटवानी की स्मृति में चार पंखे भेंट किए गए। सोना धनवानी अब तक और भी कई संस्थाओं को पंखे भेंट कर चुके हैं। यह सिलसिला अभी जारी है। सोना धनवान का शुक्रिया कि उन्होंने किरण जैसी प्रतिभा से मुलाकात करवाई, जिनका जज्बा व माद्दा देख कर लगता है कि उसकी रोशनी आने वाले समय में देश भर में फैलेगी।
-तेजवानी गिरधर
7742067000

बुधवार, 19 जून 2019

रिजू झुनझुनवाला पेश कर रहे हैं अनूठा उदाहरण

आम तौर पर जब भी कोई बाहर का प्रत्याशी अजमेर से चुनाव लड़ता है और हार जाता है, तो उसके बाद पलट कर अजमेर की ओर नहीं झांकता।  जहां कांग्रेस में विष्णु मोदी, जगदीप धनखड़, हाजी हबीबुर्रहमान आदि इसके उदाहरण हैं तो वहीं भाजपा में किरण माहेश्वरी का नाम लिया जा सकता है। सैद्धांतिक रूप से यह बिलकुल गलत है। अगर हारने के बाद उन्हें अजमेर को छोड़ ही देना था तो काहे को चुनाव के वक्त ये वादे किए कि चाहे हार जाएं, मगर अजमेर के हितों के लिए काम करते रहेंगे। ठीक है, वे हार गए, मगर उन्हें भी तो अजमेर की जनता ने वोट दिए थे, क्या उनका अजमेर के प्रति कोई उत्तरदायित्व नहीं बनता? मगर ये ही हमारी राजनीति है कि आप सवाल उठाते रहिये, वे सुन कर अनसुना करते रहेंगे। आप उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकते। विष्णु मोदी का उदाहरण तो और भी दिलचस्प है। उन्होंने जीतने के बाद भी अजमेर का रुख नहीं किया। मगर मजे की बात देखिए कि वे दुबारा अजमेर आए और पार्टी बदल कर मसूदा से जीत गए। आप करते रहिए सिद्धांतों की बात, न केवल वे बेपरवाह रहते हैं, अपितु दुबारा जीत भी जाते हैं, अर्थात उन्हें जीतने का गुर पता है।
खैर, यह पूरी बात कर रहा हूं अगली बात का प्लेटफार्म बनाने के लिए। आपको ख्याल होगा कि हाल ही हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से भीलवाड़ा के रिजू झुनझुनवाला को भेजा गया। उन्होंने अपने भाषणों में, फ्लैक्स में सिर्फ अजमेर के विकास की बात कही। दुर्भाग्य से हार गए। लोगों ने सोचा कि वे भी अन्य प्रत्याशियों की तरह पलट कर अजमेर की ओर रुख नहीं करेंगे। मगर उन्होंने इस धारणा तो तोड़ दिया। वे बुरी तरह से हारे। चार लाख से भी ज्यादा वोटों से। समझा जा सकता है कि उन पर क्या बीती होगी? मगर इतने बेआबरू हो कर अजमेर के कूचे से निकाले जाने के बाद भी उन्होंने अजमेर को अपनाने की ठान ली। उनके संरक्षत्व में बाकायदा एक समिति बनाई, जिसका नाम है पूर्वांचल जन चेतना समिति। यह समिति गठन के बाद से लगातार सामाजिक सरोकार से जुड़े कामों में जुट गई है। समिति के कार्यकर्ता पुष्कर सरोवर के कुंडों में टैंकरों से पानी भरने, वर्षा के लिए पुष्कर में हवन करने सहित अन्य छोटे-मोटे कामों को अंजाम दे रही  है। समिति की ओर से कहा गया है कि वह अजमेर के सामाजिक सरोकार, सांस्कृतिक विकास और मूलभूत सुविधाओं व समस्याओं के निवारण के लिए काम करती रहेगी। चूंकि रिजू एक बड़े उद्योगपति हैं, इस कारण उनके पास वक्त की कमी है, फिर भी उनकी ओर से उनके खास सिपहसाला रजनीश वर्मा पूरी देखरेख कर रहे हैं। आपको याद होगा कि रिजू के चुनाव से पहले जाजम जमाने में भी उनकी ही भूमिका रही है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि समिति केवल सेवा कार्य अंजाम देने के लिए बनाई गई है, उसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है, मगर समझा जा सकता है कि इसी गैर  राजनीतिक समिति के जरिए रिजू लंबी दूर की राजनीति की खातिर अजमेर में सक्रिय बने रहना चाहते होंगे। इसमें कोई भी बुराई नहीं है। कम से कम वे यह तो नजीर पेश कर ही रहे हैं कि उन्होंने अजमेर को अपना लिया है और बुरी तरह से हारने के बाद भी यहां से जुड़े रहना चाहते हैं।
अपनी समझदानी तो यही कहती है कि वे राजनीतिक केरियर बनाने के लिए सक्रिय बने रहना चाहते हैं। चूंकि वे कांग्रेस के हारे हुए प्रत्याशी हैं, इस कारण इस संसदीय क्षेत्र में भविष्य में कांग्रेस में होने वाली गतिविधियों व फैसलों में उनकी भी राय अहमियत रखेगी। वे ये भी जान चुके होंगे कि अजमेर में वैक्यूम है और सक्रिय बने रहे तो आने वाले चुनाव में भी प्रबलतम दावेदारों में शुमार रहेंगे। इस संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता कि सामाजिक व राजनीतिक सक्रियता बनाए रख कर वे कांग्रेस की ओर से राज्यसभा में जाने का प्लेटफार्म तैयार कर रहे हों।
खैर, जो कुछ भी हो। हारने के बाद भी सक्रिय रह कर सामाजिक हितों के कार्य करने के उनके जज्बे को सलाम, साधुवाद।
-तेजवानी गिरधर
7742067000

सोमवार, 17 जून 2019

देवनानी व अनिता के प्रभाव को कम करने की कोशिश?

क्या शहर जिला भाजपा अध्यक्ष शिव शंकर हेडा ने लगातार चौथी बार विधायक बने प्रो. वासुदेव देवनानी व श्रीमती अनिता भदेल का प्रभाव पार्टी के भीतर कम करने की कोशिश की है, ये सवाल इन दिनों राजनीतिक गलियारे में चर्चा का विषय बना हुआ है।
असल में उन्होंने हाल ही अजमेर नगर निगम के वार्डों के परिसीमन पर निगरानी एवं आपत्तियां दर्ज करने व सुझाव देने के लिए शहर प्रभारी आनंद सिंह राजावत को बनाया है, जबकि अजमेर उत्तर के लिए सोमरत्न आर्य व अजमेर दक्षिण के लिए डॉ. प्रियशील हाडा को सह प्रभारी बनाया है। चलते-चलते यह बताना प्रासंगिक रहेगा कि राजावत को शहर अध्यक्ष बनने से रोकने में देवनानी की अहम भूमिका रही है। अनिता भदेल की बेरुखी के चलते ही डॉ. सोमरत्न आर्य मेयर का और सोमरत्न आर्य वार्ड वार्ड पार्षद का चुनाव हार गए। इन्हीं चर्चाओं के आधार पर राजनीति के जानकारों की धारणा है कि तीनों प्रभारी-सह प्रभारियों की देवनानी व भदेल से नाइत्तफाकी है। वार्डों के परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में देवनानी व भदेल को दरकिनार कर अपनी पसंद के प्रभारी बनाने को इस अर्थ में लिया जा रहा है कि हेडा ने अपने पद का प्रभाव इस्तेमाल करते हुए दोनों विधायकों की अहमियत को प्रभावित करने की कोशिश की है।
हालांकि इसमें कोई दोराय नहीं कि सभी प्रभारी पार्टी का हित की सर्वोपरि रखेंगे, मगर इस आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता कि वे इस पर भी नजर रखेंगे कि नए बन रहे वार्डों में दोनों विधायकों के वे चहेते कौन हैं, जो कि संभावित दावेदार हो सकते हैं। यह भी सही है कि परिसीमन के दौरान इस बात का ख्याल रखा जाएगा कि वह इस प्रकार का हो, ताकि ज्यादा से ज्यादा वार्डों में भाजपा जीत जाए। पार्टी के भावी प्रत्याशी जीत कर आएं, इसकी जिम्मेदारी भी संगठन की ही रहेगी। इन सब के होते हुए एक बड़ा पेच अब भी है, जिसका अनुमान लगाना अभी मुश्किल है, कि प्रत्याशियों के चयन में शहर अध्यक्ष की कितनी चलेगी, क्या केवल विधायकों की पसंद को ही तरजीह दी जाएगी या उनकी फिर आंशिक चलेगी। अब तक का अनुभव तो यही बताता है कि इक्का-दुक्का को छोड़ कर सभी प्रत्याशी इन दोनों विधायकों ने ही तय किए थे। पार्टी अध्यक्ष की तो चली ही नहीं। यहां तक कि जब हेडा पूर्व में अध्यक्ष थे, तब भी प्रत्याशी विधायकों की पसंद के ही बनाए गए। हेडा की पसंद के एक भी नेता को प्रत्याशी नहीं बनने दिया गया। हालत ये हो गई कि हेडा के वजूद को जिंदा रखने के लिए उनके समर्थकों ने एक गैर राजनीतिक संगठन बना कर गतिविधियां कीं।
खैर, ताजा स्थिति ये है कि हेडा पहले से कुछ अधिक प्रखर नजर आने लगे हैं। कुछ और अधिक परिपक्व व अनुभवी भी। आखिर अजमेर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष यूं ही नहीं बन गए। इसका परिणाम ये है कि गैर देवनानी, गैर भदेल गुट लामबंद होता दिखाई दे रहा है। यह बात दोनों विधायक भलीभांति जानते होंगे। इसी के मद्देनजर बताया जाता है कि हेड़ा को मात देने के लिए दोनों ने हाथ मिला लिया है। बताया तो यहां तक जाता है कि दोनों इस कोशिश में रहेंगे कि किसी भी प्रकार निगम चुनाव पहले हेडा की जगह कोई और अध्यक्ष बन जाए। देखते हैं, आगे आगे होता है क्या?

-तेजवानी गिरधर
7742067000

रविवार, 24 मार्च 2019

सारस्वत की उम्मीद पर फिरा पानी, भाजपा ने जाट कार्ड खेला

आसन्न लोकसभा चुनाव में अजमेर संसदीय सीट पर भाजपा टिकट के प्रति सर्वाधिक आशान्वित देहात जिला भाजपा अध्यक्ष प्रो. बी. पी. सारस्वत की उम्मीदों पर पानी फिर गया। उनकी बजाय किशनगढ़ के पूर्व विधायक भागीरथ चौधरी पर दाव खेला जा रहा है। इसी सीट के लिए जितने भी दावेदार थे, उनमें सारस्वत को सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा था। देहात अध्यक्ष के नाते उनकी पूरे देहात जिले में पकड़ है। देहात में भाजपा संगठन को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका भी रही है। हालांकि वे पिछले लोकसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप लांबा को जितवा नहीं पाए, मगर इसमें कोई दोराय नहीं कि उन्होंने लांबा के लिए डट कर काम किया। मगर अंतत: भाजपा हाईकमान ने इस मान्यता को खारिज कर दिया कि रघु शर्मा की तरह यहां ब्राह्मण प्रत्याशी कामयाब हो सकता है। सारस्वत के लिए यह दुर्भाग्यपूर्ण ही कहा जाएगा कि वे पिछले 25 साल से विधानसभा या लोकसभा का टिकट मांगते रहे हैं, मगर उन्हें एक बार भी चांस नहीं मिल पाया।
यूं उम्मीद पर चोट तो दीपक भाकर के साथ भी हुई है। सारस्वत टिकट के लिए गंभीर प्रयासरत तो थे, मगर उन्होंने इसका प्रचार नहीं किया, जबकि भाकर ने शोशेबाजी में कोई कसर बाकी नहीं रखी। उन्होंने अपने पोस्टर-बैनर चारों ओर इस प्रकार शाया कर दिए थे, मानो उनका टिकट पक्का हो गया है। अधिसंख्य पोस्टर उस किस्म के थे, जैसे अधिकृत प्रत्याशी के हुआ करते हैं। जयपुर-दिल्ली में उनकी पकड़ जरूर थी, मगर उनका सबसे बड़ा माइनस पॉइंट ये था कि वे जनता में सुपरिचित चेहरा नहीं थे। अपने आप को प्रोजेक्ट करने के लिए इसीलिए मशक्कत की, ताकि टिकट मिल जाने के बाद कोई ये न कहे कि दीपक भाकर कौन है? मगर हाईकमान ने सुपरिचित व अनुभवी के रूप में चौधरी पर हाथ रख दिया।
भाजपा ने जातीय समीकरण का पूरा ख्याल रखते हुए तकरीबन ढ़ाई लाख जाट मतदाताओं के दम पर चौधरी पर हाथ रख दिया है। हालांकि बीच में ऐसा माना जा रहा था कि अगर सारस्वत को टिकट देना संभव नहीं हुआ तो केन्द्रीय मंत्री सी. आर. चौधरी को यहां से उतारा जा सकता है, मगर ऐसा लगता है कि स्थानीयतावाद को ख्याल रखते हुए ही भागीरथ को मौका मिला है। भागीरथ को स्थानीय होने का तो लाभ मिलेगा ही, इसके अतिरिक्त  वे जाट वोट बैंक का बड़ा हिस्सा भी झटक सकते हैं।
ज्ञातव्य है कि भागीरथ चौधरी पिछले विधानसभा चुनाव में किशनगढ़ सीट के सशक्त दावेदार थे, मगर उन्हें मौका नहीं दिया गया। बावजूद इसके उन्होंने बगावत नहीं की और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जम कर काम किया। यही उनका प्लस पॉंइट बन गया। कदाचित ये भी हो सकता है कि दूरदृष्टि रखते हुए उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए सुरक्षित रखा गया हो। उनके पक्ष में एक बात ये जाती है कि हालांकि वे जाट जाति से हैं, मगर वैश्य समुदाय से भी उनका मेलजोल है। ऐसे में पिछले उपचुनाव की तरह एंटी जाट फैक्टर काम करेगा, इसको लेकर मतभिन्नता है। 
-तेजवानी गिरधर
7742067000