मंगलवार, 19 मार्च 2013

यह कैसा सर्वधर्म समभाव बो गए तोगडिय़ा?


तीर्थराज पुष्कर, दरगाह ख्वाजा साहब, ज्ञानोदय तीर्थ क्षेत्र नारेली, अनेक गिरिजाघर, गुरुद्वारों और सिंधी दरबारों को अपने आंचल में समेटे सांप्रदायिक सौहार्द्र की नगरी अजमेर में 35 अरब श्रीराम नाम महामंत्र परिक्रमा के नौ दिवसीय आयोजन को जो अपार सफलता मिली, उसकी जितनी तारीफ की जाए कम है। आयोजकों की सोच सलाम के काबिल है कि उन्होंने इस आध्यात्मिक नगरी में आत्मिक सुकून का ऐसा ऐतिहासिक व भव्य काम किया। समाज के हर धर्मावलंबी ने, हर तबके ने, हर वर्ग ने, सभी राजनीतिक दलों के हर प्रमुख नेता ने इसमें शिरकत की। यहां तक कि दरगाह ख्वाजा साहब के खादिमों तक ने परिक्रमा कर अपनी विशाल हृदयता का परिचय दिया। यही वास्तविक सर्वधर्म समभाव है। इस लिहाज से देखा जाए तो आयोजन समिति के अग्रणी सदस्य पूर्व न्यास सदर धर्मेश जैन के इस बयान में वाकई दम है कि अजमेर वासियों के सुख, शांति और समृद्धि तथा सर्वधर्म समभाव के लिए आयोजित कार्यक्रम का भविष्य में निश्चित ही लाभ मिलेगा। साथ ही भविष्य में निश्चित ही विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
मगर...... मगर आयोजन के आखिरी दिन विहिप के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण भाई तोगडिय़ा ने अपने स्वभाव के मुताबिक जो जहर उगला, उसने सर्वधर्म समभाव में यकीन रखने वालों के जुबान का स्वाद कसैला कर दिया। ये वही तोगडिय़ा हैं, जो तकरीबन दस साल पहले 13 अप्रैल 2003 को इसी सुभाष उद्यान में आयोजित धर्मसभा में त्रिशूल दीक्षा के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देश पर गेगल थाना क्षेत्र में गिरफ्तार कर लिए गए थे। जिसका परिणाम ये निकला कि पूरे राजस्थान में सांप्रदायिकता की आग भड़काने की मंशा की भ्रूण हत्या हो गई थी। हालांकि इस बार उनका एजेंडा वैसा नहीं था, मगर उनका पूरा भाषण खुद उनकी मंशा का इजहार कर रहा था। यह गनीमत ही है कि अजमेर वाकई सांप्रदायिक सौहाद्र्र की नगरी है, वरना उन्होंने तो पूर्ण रूप से आध्यात्कि व धार्मिक आयोजन में अपनी ओर से अपना रंग भरने में कोई कसर बाकी नहीं रखी।
ऐसे में सवाल ये उठता है कि क्या यह आयोजन समिति की सोची समझी रणनीति थी, या फिर तोगडिय़ा को बुलाने से पहले इस पर विचार ही नहीं किया गया कि वे आयोजन से उत्पन्न आध्यात्कि शांति व सौहाद्र्र पर पानी फेरने की कोशिश कर जाएंगे? अगर तोगडिय़ा जैसे कट्टरपंथी नेता को बुलाना एक रणनीति का हिस्सा था तो जाहिर है इसका ताना-बाना बुनने वाले तो बेहद प्रसन्न होंगे, मगर जो धर्मप्रेमी मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम व पवन पुत्र हनुमान का आशीर्वाद लेने मात्र के मकसद से शामिल हुए होंगे, उन्हें तो अटपटा लगा ही होगा। धर्म विशेष की भावना से ऊपर उठ कर सोचने वालों को नहीं सुहाया होगा। विशेष रूप से अंजुमन के जो पदाधिकारी इसमें खुले हृदय से शामिल हुए, उनको अपनी जमात में जवाब देना भारी पड़ रहा होगा। अगर आयोजन पर चार चांद लगाने ही थे, कार्यक्रम को चरमोत्कर्ष पर ले जाना ही था, तो किसी बड़े आध्यात्कि संत को बुलवाते, जिनका आशीर्वाद लेकर यहां की जनता कृत्कृत्य होती। चुनावी साल में एक एजेंडे विशेष के लिए काम करने वाले घोर धार्मिक नेता को बुलवाने पर एक विशेष किस्म की गंध आ रही है। कोई इसे माने या नहीं, मगर सच यही है।
-तेजवानी गिरधर

रविवार, 17 मार्च 2013

ज्ञान सारस्वत : ऊंट किस करवट बैठेगा?


ज्ञान सारस्वत
ज्ञान सारस्वत
संघ व भाजपा पृष्ठभूमि के निर्दलीय पार्षद ज्ञान सारस्वत ने वार्ड दो के विकास कार्यों का शुभारंभ व वेब साइट का उद्घाटन अजमेर के कांग्रेसी सांसद व केन्द्रीय कंपनी मामलात राज्य मंत्री सचिन पायलट के हाथों से करवा कर राजनीतिक पंडितों को इसका फलित निकालने में उलझा दिया है। उन्हें समझ ही नहीं आ रहा कि उनका अगला कदम क्या होगा? अर्थात ऊंट किस करवट बैठेगा? उनके इस चौंकाने वाले कृत्य से आखिरकार मुख्य धारा में आ कर भाजपा में शामिल होने की उम्मीद पाले भाजपा नेताओं को जहां झटका लगा है, वहीं कांग्रेसी अपने लिए शुभ संकेत मान रहे हैं। रहा सवाल ज्ञान सारस्वत का तो वे इस सारी माथापच्ची के बीच निरपेक्ष रह कर अपने वार्ड के विकास में ही जुटे हुए हैं।
हालांकि ज्ञान चूंकि अभी निर्दलीय हैं और भाजपा का उन पर कोई जोर नहीं है, इस कारण स्वतंत्र हैं, मगर लोग यह समझ ही नहीं पा रहे कि मूलत: भाजपाई होने के बाद भी ज्ञान सारस्वत ने आखिर क्या सोच कर शिक्षा राज्यमंत्री नसीम अख्तर इंसाफ, मेयर कमल बाकोलिया, यूआईटी अध्यक्ष नरेन शाहनी भगत, शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह रलावता आदि की मौजूदगी में पायलट के हाथों शुभारंभ करवाया? जिस भाजपाई जनाधार पर वे खड़े हैं, उस पर इसका क्या असर होगा? सिक्के का दूसरा पहलु ये भी है कि इस कार्यक्रम में जिस प्रकार जनसमूह उमड़ा, वह इस बात का संकेत है कि वहां की जनता को केवल ज्ञान सारस्वत से मतलब है, जो कि दिन-रात विकास कार्यों में जुटे हैं, इससे नहीं कि वे कैसा राजनीतिक कदम उठा रहे हैं। उन्हें यकीन है कि ज्ञान जो कुछ कर रहे हैं, उनके भले के लिए ही कर रहे होंगे।
एक बात और। ताली दोनों हाथों से बजी। पायलट ने भी ज्ञान सारस्वत की जम कर तारीफ की। एक केन्द्रीय मंत्री का भाजपा के बागी निर्दलीय पार्षद के बुलावे को स्वीकार करना और साथ ही पीठ थपथपाना सामान्य बाद नहीं है। शायद इस उम्मीद में कि कभी उन्हें कांग्रेस में लाया जा सकेगा। कुल मिला कर ज्ञान सारस्वत ने एक ऐसी गुत्थी को जन्म दिया है, जो कि आगामी विधानसभा चुनाव में जा कर ही खुलेगी, जब वार्ड के लोग ज्ञान सारस्वत का मुंह ताकेंगे कि वे क्या फरमान जारी करते हैं? किसको वोट देने की अपील करते हैं? और वहीं से शुरू होगी ज्ञान सारस्वत के नए केरियर की शुरुआत।
-तेजवानी गिरधर

शनिवार, 16 मार्च 2013

धर्मेश जैन का छिपा एजेंडा क्या है?


Dharmesh Jain
श्रीश्याम सत्संग समिति की ओर से सुभाष उद्यान में आयोजित श्रीरामनाम परिक्रमा कार्यक्रम में नगर सुधार न्यास के पूर्व सदर धर्मेश जैन जिस तरह से विशेष भूमिका अदा की, उसे देख कर राजनीति के जानकार उनके छिपे एजेंडे को सूंघने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसा इसलिए कि वे हैं तो जैन समाज के, जो कि सनातन अथवा हिंदू धर्म से अलग धर्म का पालन करने वाला है, मगर सनातन धर्म से जुड़े समूह के इतने विशाल आयोजन में अहम भूमिका अदा कर रहे हैं। शहर को शायद ही कोई ऐसा नेता हो, जिसे उन्होंने इस आयोजन में बुलवा कर आरती करने का मौका न दिया हो। ख्वाजा साहब की दरगाह के प्रमुख खादिमों ने भी सांप्रदायिक सौहार्द्र का परिचय देते हुए इसमें शिरकत की। इतना ही नहीं कार्यक्रम की विशालता का अंदाजा इस बात से भी लगता है कि ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह के दीवान सैयद जेनुअल आबेदीन का अभिनंदन करने अजमेर आए शिवसेना के सांसद अनंत गीते, संजय राउत तथा अनिल देसाई ने भी इस कार्यक्रम में शिरकत करना मुनासिब समझा। उनका स्वागत करने वालों में जैन की ही पुत्र विवेक जैन आगे थे। इसी प्रकार विहिप नेता प्रवीण भाई तोगडिय़ा का आगमन भी विशेष अर्थ रखता है।
हालांकि यह सही है कि भले ही जैन धर्म हिंदू धर्म से अलग है, मगर वैश्य समुदाय का हिस्सा होने और जैनियों के सामान्यत: भाजपा मानसिकता के होने के कारण जैनियों की नजदीकी सनातन धर्मियों से रहती ही है। जहां तक जैन का सवाल है वे भाजपा संगठन में अहम भूमिका में रहे हैं और पिछले भाजपा कार्यकाल में न्यास सदर भी रह चुके हैं, इस कारण उनकी हिंदूवादी संगठनों से स्वाभाविक करीबी है। इस नाते हिंदू धर्म के आयोजनों में भी उनकी विशेष मौजूदगी रहती है। हालांकि जैन स्वभाव से धार्मिक हैं और समाज के धार्मिक कार्यों में भी अग्रणी भूमिका में रहते हैं, इस कारण चौंकने जैसा कुछ नहीं है, मगर सनातन धर्मावलंबियों के इतने विशाल आयोजन में उनकी अहम भूमिका में होना तनिक चौंकाने वाला प्रतीत होता है। जैन धर्म से होने के कारण यूं भले ही वे हिंदुओं की तरह हनुमान जी को न मानते हों, मगर उन्होंने अपने संस्थान की ओर से हनुमान चालीसा बड़े छपवा कर उनका वितरण भी किया है।
भले ही जैन का इस आयोजन में अग्रणी भूमिका में रहने के पीछे कोई खास मकसद न हो और वे विशुद्ध धार्मिक व सामाजिक भाव से जुड़े हों, मगर चुनावी मौसम में इस प्रकार की गतिविधियों को स्वाभाविक रूप से उसी की रोशनी में देखा जाता है। भले ही जैन आयोजन की सफलता को राजनीति में भुनाने की अपनी ओर से कोई कोशिश न करें, मगर यह स्वयंसिद्ध तथ्य है कि इस आयोजन से उनके कद में इजाफा हुआ है और उन्हें इसका राजनीति पृष्ठभूमि में लाभ जरूर मिलेगा। कहने की आवश्यकता नहीं है कि उनकी नजर आगामी विधानसभा चुनाव में अजमेर उत्तर की सीट सहित अजमेर लोकसभा सीट पर है।
-तेजवानी गिरधर

शक की सुई पूर्व बोर्ड अध्यक्ष डॉ. गर्ग पर भी?

subhash gargराजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के वित्तीय सलाहकार नरेंद्र कुमार तंवर के एसीबी के शिकंजे में फंसने के साथ ही बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुभाष गर्ग पर भी शक की सुई घूमती नजर आ रही है। कयास ये लगाया जा रहा है कि तंवर के पास मिली करोड़ों की संपत्ति का कहीं न कहीं डॉ. गर्ग से भी कनैक्शन है। इस प्रकरण को शिक्षा मंत्री बृजकिशोर शर्मा के उस बयान की रोशनी में भी देखा जा रहा है कि जब डॉ. गर्ग का कार्यकाल समाप्त हो रहा था तो उन्होंने बाकायदा सार्वजनिक रूप से कहा था कि वे तो ये चाहते हैं कि डॉ. गर्ग को ही अध्यक्ष बनाया जाए, यह दीगर बात है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उनकी सिफारिश को नजरअंदाज कर दिया।
हालांकि यह जांच में ही सामने आ पाएगा कि तंवर के पासा मिली संपत्ति का डॉ. गर्ग से कोई संबंध है या नहीं, मगर राजस्थान शिक्षक संघ (राधाकृष्णन) के प्रदेश अध्यक्ष विजय सोनी ने तो बाकायदा बयान जारी कर डॉ. गर्ग के कार्यकाल की जांच कराने की मांग कर डाली है। सोनी का आरोप है कि वित्तीय सलाहकार नरेंद्र तंवर ने डॉ. गर्ग की मिलीभगत से ही भ्रष्टाचार किया है। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रायोगिक परीक्षाओं की राशि, उडनदस्तों की राशि व अन्य भुगतान अटके हैं, दूसरी ओर वित्तीय सलाहकार के कृपा पात्रों को करोड़ों रुपए के भुगतान इनके कार्यकाल में किए गए। ज्ञातव्य है कि सोनी उस वक्त भी आरोप लगाते रहते थे, जब कि डॉ. गर्ग पद पर थे, मगर उनकी आवाज नक्कारखाने में तूती की तरह दब जाती थी।
ज्ञातव्य है कि भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी भी पूर्व में बोर्ड अध्यक्ष डॉ. गर्ग पर आरोप लगाते रहे हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों व ठेकों में गड़बड़ी सहित आरटेट परीक्षा 2011 के दौरान बोर्ड को मिली बेरोजगार युवकों की फीस का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया था और राज्य सरकार से डॉ. गर्ग के कार्यकाल की निष्पक्ष आयोग से जांच करवाने सहित उन्हें बर्खास्त करने की मांग की थी।
इस प्रकरण में अहम सवाल ये उठ रहा है कि डॉ. गर्ग के कार्यकाल में ही एफए नरेंद्र तंवर का तबादला अन्यत्र हो गया था, लेकिन इस तबादले को रद्द करवा कर उन्हें यहीं पदस्थापित किया गया। जानकारी ये भी मिली है कि एसीबी को तंवर के कक्ष में तलाशी के दैरान बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष का एक सिफारिशी पत्र भी मिला है, जिसमें तंवर को काम का आदमी बताते हुए तबादला निरस्त करने की बात लिखी है। इसी सिलसिले में अहम बात ये भी है कि बोर्ड के इतिहास में पहली बार एक ही अध्यक्ष और एफए के कार्यकाल में रिकार्ड निर्माण कार्य हुए। बोर्ड में बीते तीन साल में 40 करोड़ रुपए से अधिक के निर्माण कार्य हुए हैं। सवाल ये भी कि जिस आरएसआरडीसी के काम को पूर्व वित्तीय सलाहकार ने घटिया करार दे दिया था, उसी से बोर्ड ने सभी निर्माण कार्य कराए। बताया जाता है कि डॉ. सुभाष गर्ग की गुड बुक में शामिल तंवर की देखरेख में ही में निर्माण कार्य से लेकर रद्दी के ठेके, परीक्षा सामग्री के परिवहन संबंधी ठेके, पुस्तक प्रकाशन के लिए विभिन्न फर्मों से संबंधित टेंडर और इन छपी पुस्तकों के प्रदेश भर में पहुंचाने के टेंडर आदि हुए। बोर्ड ने 1970 से 2000 तक के विद्यार्थिर्यों के परीक्षा दस्तावेज के डिजिटलाइजेशन के लिए भी बड़ा ठेका किया। बोर्ड प्रबंधन ने गोपनीयता के नाम पर आज तक इस ठेके की राशि सार्वजनिक नहीं की है। बोर्ड ने दो बार आरटेट का आयोजन किया है। इसका अधिकतर कार्य भी एफए के हाथ में रहा है।
ज्ञातव्य है कि तंवर के अजमेर के पंचशील स्थित बंगले से बोर्ड की 54 करोड़ 70 लाख रुपए की एफडीआर मिली है। बोर्ड के निकट स्थित आईसीआईसीआई बैंक के लॉकर से करीब 3.50 लाख रुपए के सोने के सिक्के और नकदी बरामद हुई। जांच में आरोपी की संपति का आंकड़ा करीब 11 करोड़ पहुंच चुका है।
-तेजवानी गिरधर

गुरुवार, 14 मार्च 2013

इब्राहिम फखर ने खुद ही किया अपने आपको दावेदारी से अलग

सैयद इब्राहिम फखर

पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में मुस्लिम जमात से भाजपा के प्रबल दावेदार सैयद इब्राहिम फखर ने खुद अपने आपको दोवदारी से अलग कर लिया है। तीर्थराज पुष्कर में भाजपा के तीन मुस्लिम दावेदार शीर्षक से इसी कॉलम में प्रकाशित आइटम पर प्रतिक्रिया करते हुए जनाब फखर ने कहा है कि न वे पहले कभी दावेदार थे और न ही आज हैं। साथ यकीन दिलाया है कि वे कभी खुद टिकट मांगने नहीं जाएंगे। इतना ही नहीं उन्होंने दरियादिली दिखाते हुए यह तक लिखा है कि दूसरे जो लोग कोशिश कर रहे हैं तो उन्हें भी उनकी वजह से हतोत्साहित नहीं होना चाहिए। वे पार्टी के साथ बंधे हैं और पार्टी जो निर्णय करेगी, उसका पालन करेंगे।
जनाब फखर साहब इतनी साफगोई के लिए धन्यवाद के पात्र हैं। राजनीति में कभी कोई इस तरह से अपने आपको दावेदारी से अलग नहीं करता, जिसे कि अन्य लोग ही दावेदार मान रहे हों। वैसे अपना मानना है कि जहां कई लोग इस कोशिश में रहते हैं कि उनको मीडिया में दावेदार माना जाए तो कई ऐसे भी होते हैं जो दावेदार तो होते हैं, मगर उसे जताना नहीं चाहते क्योंकि पहले से दावेदारी उजागर हो जाने पर कारसेवा का खतरा रहता है। जहां तक फखर साहब का सवाल है, हालांकि वे खुद की ओर से दावेदारी नहीं करने की बात कह जरूर रहे हैं, जो कि सही ही मानी जानी चाहिए, मगर अपनी जानकारी यही है कि वे पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में दावेदारी के लिए ही सक्रिय रहे हैं और डिजर्स भी करते हैं। खैर, जहां तक फखर साहब ने टिकट की कोशिश करने वाले अन्य को हतोत्साहित न होने का संदेश दिया है, अपना मानना है कि यह आईएनजी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में ग्रुप सेल्स मैनेजर के रूप में काम कर रहे मुंसिफ अली के लिए सुखद हो सकता है, जो कि जमीन पर पूरी तैयारी कर रहे हैं।
जनाब इब्राहिम फखर ने अपनी प्रतिक्रिया कितनी संजीदगी और कूल मांइड से दी है, जरा आप भी पढ़ लीजिए:-
tejwani ji,
shukriya app ka ki app bande ko is layak mante ho lekin bhai sahib na me pehle ticket ka davedar tha aur na hi ajj hu ,mujhe party ne jimmedari di jise me imandari se pura karna chahta hu vishwas rakhiye me kabhi swaym ticket mangne nahi jaunga aur meri vajag se dusre log jo koshish kar rahe ho unhe bhi hatossahit nahi hona chahiye me puri tarah se bjp ke sath hu aur voh jo bhi nirnay karegi akhshartaya uski palna karunga phir party chahe jo nirnay kare ,ek bar phir app ka dhanyewad tejwani ji lekin mujhe is race se door hi rakhe to meharbani hogi .
अब आप समझ सकते हैं कि उन्होंने न्यूज आइटम को कितने सकारात्मक रूप से लिया है, जो कि एक सुलझे हुए राजनीतिज्ञ की निशानी है।
-तेजवानी गिरधर