मंगलवार, 7 मई 2013

चंद खादिमों के बयान को बना दिया पूरी जमात का फैसला


पाकिस्तान में भारतीय कैदी सरबजीत की हत्या के बाद देश में व्याप्त गुस्से को मुखर करते हुए जहां संघ सहित अन्य संगठन पाकिस्तान से ख्वाजा साहब के उर्स में आने वाले जायरीन जत्थे को अनुमति न देने का दबाव बना रहे हैं, वहीं दरगाह शरीफ से जुड़े चंद खादिमों की ओर से पाक जायरीन को जियारत न करवाने का बयान आने के बाद खादिमों की रजिस्टर्ड संस्थाएं अंजुमन सैयद जादगान व अंजुमन शेख जादगान अचंभित हैं। हालांकि उनका अब भी यही कहना है कि उन्होंने पाक जायरीन को जियारत न करवाने का फैसला नहीं किया है, मगर अनेक अखबारों में सुर्खियां यही हैं कि खादिम जियारत नहीं करवाएंगे, भले ही उनकी खबरों में इक्का-दुक्का खादिमों के नाम हैं। इसी प्रकार कुछ अखबारों ने दरगाह दीवान का हवाला दे कर भी कह दिया कि उन्होंने पाक जायरीन को अनुमति न देने की मांग की है, जबकि हकीकत ये है कि उन्होंने इस आशय का कोई बयान ही जारी नहीं किया है।
असल में हुआ यूं कि पाक जायरीन के खिलाफ कुछ संगठनों की ओर से बनाए गए माहौल से प्रभावित हो कर अथवा चर्चित होने अथवा अपनी देशभक्ति जताने के लिए कुछ खादिमों ने भी कुछ पत्रकारों को यह बयान दे दिया कि वे पाक जायरीन को जियारत नहीं करवाएंगे। हालांकि यह बयान तकरीबन दो हजार खादिमों में से तीन-चार खादिमों का ही है, और वह भी किन्हीं प्रमुख खादिमों का नहीं, मगर चूंकि खबर चौंकाने वाली थी, इस कारण अखबारों ने बड़ी हैडिंग में यह छाप दिया कि अजमेर के खादिम जियारत नहीं करवाएंगे। इसका संदेश यह गया कि खादिमों की पूरी जमात ही पाक जायरीन का विरोध कर रही है, जबकि खादिमों की दोनों अंजुमनें इस मामले में चुप हैं। जागरण ई-पेपर में यह तक लिखा है कि यह निर्णय खादिमों की एक बैठक में लिया गया, जबकि इस प्रकार की कोई बैठक हुई ही नहीं। इस बारे में अधिसंख्य खादिमों की संस्था अंजुमन सैयद जादगान के सचिव सैयद वाहिद अंगारा शाह ने पूछा गया तो उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उन्होंने इस प्रकार का कोई निर्णय नहीं किया है। उनका कहना है अगर सरकार पाक जायरीन को अजमेर शरीफ का वीजा देती है तो वे परंपरागत रूप से पाक जायरीन का इस्तकबाल करेंगे।
उधर दरगाह दीवान सैयद जैनुल आबेदीन अली खान के हवाले से छपा है कि वे पहले ही पाकिस्तानी जायरीनों को भारत में प्रवेश नहीं देने की बात कह चुके हैं, जबकि उन्होंने इस आशय की कोई बात कही ही नहीं। लीजिए गत 2 मई को उनकी ओर से अधिकृत रूप से जारी बयान को देख लीजिए, जिसमें कहीं यह नहीं कहा गया है कि वे पाक जायरीन के आने का विरोध कर रहे हैं।

OFFICE OF THE
SPIRITUAL HEAD OF THE SHRINE,
SUCCESSOR GREAT GRANDSON AND HEREDITARY SAJJADANASHIN
(GADDINASHIN ) OF HAZRAT KHWAJA  MOINUDDIN HASAN CHISHTY (R.A.) AJMER
Resi:- Qadeem Haweli Dewan Sahib Dargah Shareef Ajmer
Phone : 0145-2626741, Cell: 09829119171
e-mail  sajjadanashinajmer@gmail .com, dargahdiwanajmer@gmail.com
अजमेर । पाकिस्तान की जेल में नाजायज रूप से कत्ल किये गऐ भारतीय नागरीक सरबजीत सिंह की मौत पर गहरा दुख एवं शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुऐ सूफी संत हजरत ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती के वंशज ओर दरगाह के सज्जादनशीन एवं मुस्लिम धर्म प्रमुख दरगाह दीवान सैय्यद जैनुल आबेदीन अली खान ने कहा कि सरबजीत की मौत के बाद पाक खुफिया ऐजेंसी आई.एस.आई. द्वारा देश में सांप्रदायिक माहौल खराब करने की शाजिश बेनकाब हो गई है इसलिऐ इस नाजुक समय में देश को एकता और सदभावना का परिचय देकर पाक की इस साजिश को विफल करना चाहिये।
दीवान सैय्यद जैनुल आबेदीन अली खान ने एक ब्यान जारी कर कहा कि सरबजीत की मौत एक दुखद घटना है मगर इसका दुसरा पहलू यह है कि पाकिस्तान की खुफिया ऐजेंसी आई.एस.आई. का मंसूबा उसकी हत्या करवाकर भारत में सांप्रदायिक माहौल खराब करके अस्थिरता पैदा करने का था इस लिये पाक के इस नापाक उद्देश्य को भारत के नागरीकों को समझकर ऐसी परिस्थिती के समय सांप्रदायिक सोहार्द का परिचय देकर पाक को मुंह तोड़ जवाब देना चाहिये। जिससे मुल्क में अमन शान्ति फिजा बरकरार रहे।
उन्होने कहा कि भारत सरकार को चाहिये की पाकिस्तान सरकार और आई.एस.आई. के इस अमानविय करतूत को अंतराष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के समक्ष उठा कर जो लोग इस घिनौने कारनामें के लिये जिम्मेदार हें उनके खिलाफ के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग रखें। उन्होने मुस्लिम धर्म गुरू की हैसियत से तमाम दुनिया के इस्लामिक देशों से इस मसले पर पाक की निन्दा करने की अपील करते हुऐ कहा कि पाक की इस गैर जिम्मेदाराना हरकत से दुनियां भर के मुसलमानों को शमिन्दगी महसूस हुई है। इस्लाम अमन पसंद मजहब है ओर वह इस किस्म की कार्यवाही की इजाजत नहीं देता। दुनियाऐ इन्सानियत के सामने पाक इस्लाम की कैसी तस्वीर पेश करना चाहता है।
दरगाह दीवान ने कहा कि अगर देश के पूर्व प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी ओर राजीव गांधी जैसे नेता होते तो यह परिस्थिती नहीं पैदा नहीं होती क्योंकि उनमें कड़े राजनीतिक कदम उठाने की ताकत थी जिसकी वजह से वह पाकिस्तान को इस बात के लिये मजबूर कर देते कि उसे सरबजीत को किसी कीमत पर भारत भेजना पड़ता। क्योंकि राजीव गांधी अपने राजनीतिक कोशल के बल पर सीमांत गांधी खान अब्दुल गफ्फार खान के भतीजे युनूस खान के पुत्र शहरयार खान को अमरीका से छुड़ा  कर भारत लेकर आऐ थे। उन्होने मुल्क के तमाम उलेमाओं से इस दर्दनाक एवं दुर्भाग्यपूर्ण घटना की निन्दा करने की अपील की है।
दीवान सैयद जैनुल आबेदीन अली खान
वंशज एवं सज्जादानशीन (दरगाह दीवान)
ख्वाजा गरीब नवाज अजमेर शरीफ
बहरहाल, फिलहाल चंद खादिमों के बयानों को पूरी जमात का रुख बताए जाने से अंजुमन अचंभित है, मगर वह कुछ खादिमों के निजी विचार को रोक भी नहीं सकती।
पाकिस्तान तो कर रहा है जायरीन भेजने की तैयारी
जहां तक इस मसले पर पाकिस्तान के रुख का सवाल है, जानकारी है कि वहां तकरीबन छह सौ जायरीन को भारत भेजे जाने की प्रक्रिया चल रही है, जिन समेत अन्य सभी पाकिस्तानी पर्यटकों से भारत में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। संभव है पाक जायरीन का आने का कार्यक्रम 12 मई का बने। रहा सवाल भारत सरकार के रुख तो वह पहले पूरी स्थिति का आकलन करेगी और उसी के अनुरूप पाकिस्तान को संदेश भेजेगी। कयास ये लगाए जा रहे हैं कि जायरीन को आने तो दिया जाएगा, मगर उन्हें यहां मात्र एक दिन ही ठहरने की अनुमति दी जाएगी, जिसमें उन्हें कड़ी सुरक्षा में केवल जियारत का अनुमति होगी। खैर, देखते हैं क्या होता है, फिलहाल तो पाक जायरीन को लेकर माहौल गरमाया हुआ है।
-तेजवानी गिरधर

सोमवार, 6 मई 2013

पाक वेबसाइट पर भी है जायरीन के विरोध की चर्चा


पाकिस्तान में भारतीय कैदी सरबजीत की हत्या के बाद बिगड़े माहौल में पाकिस्तान से ख्वाजा साहब के उर्स में आने वाले जायरीन जत्थे को अनुमति न देने की मांग के समाचार भारतीय मीडिया पर तो हैं ही, पाकिस्तान के न्यू मीडिया पर भी इसकी चर्चा है।
http://www.thekooza.com नामक वेबसाइट पर इस मसले को कुछ इस प्रकार प्रस्तुत किया गया है:-
Fail-safe security for Pak delegation’s Ajmer visit
AJMER: In view of the protest threats concerning the visit of a Pakistani delegation to the Dargah Sharif, record security will be in place during the upcoming ‘Urs’(death anniversary) of Khwaja Moinuddin Chishti at the shrine in Ajmer sharif.

A delegation from Pakistan comes here during the ‘Urs’ every year by a special train. This time, some groups have threatened to protest against the visit in the wake of the recent attack on Indian death-row prisoner Sarabjit Singh in a jail in Pakistan. The delegation is due to reach Ajmer on May 12.

On Wednesday minister of state for home Virendra Beniwal took stock of the security arrangements in Ajmer. He had a discussion with district officials regarding the security plan for the Pak delegation. The minister told the officials that apart from the state security, the Central Industrial Police Force will also be deployed to avert any uprising.

Beniwal reportedly visited Ajmer on the instructions of the Union Home Ministry, which is concerned about possible protests against the visitors from Pakistan.

BJP MLA Vasudev Devnani requested the central government not to provide visas to the Pak delegation. “There is anger among the people on the issue of Sarabjit and, therefore, it would not be worthwhile to invite those devotees to Ajmer,” Devnani said. “Any anti-social element can disturb the peace of this holy city.” He added

The Kooza News Desk with agencies.
इस साइट पर जाने के लिए इस लिंक पर क्लिक कीजिए:-
http://www.thekooza.com/

पाक जायरीन को अनुमति न देना आसान नहीं


पाकिस्तान में भारतीय कैदी सरबजीत की हत्या के बाद बिगड़े माहौल में पाकिस्तान से ख्वाजा साहब के उर्स में आने वाले जायरीन जत्थे को अनुमति न देने का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अब तो राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ भी मुखर हो गया है। राष्ट्र रक्षा संकल्प समिति ने तो पाक जायरीन के विरुद्ध हस्ताक्षर अभियान ही छेड़ दिया है, जिसे के शनै: शनै: समर्थन मिल रहा है। कुछ मुस्लिम भी खुल कर सामने आ गए हैं। जाहिर है ऐसे में प्रशासन पसोपेश में है कि वह राज्य व केन्द्र सरकार को क्या रिपोर्ट भेजे? क्या वह हालात बिगडऩे के मद्देनजर अपनी तरफ से हाथ खड़े करता है या फिर सरकार के फैसले की अनुपालना किसी भी सूरत में करने को तैयार है, यह जल्द ही पता लग जाएगा।
वस्तुत: शुरू में इक्का दुक्का संगठनों ने फौरी तौर पर विरोध जताया था। इसके बाद भाजपा विधायक प्रो. वासुदेव देवनानी ने बाकायदा गृह राज्य मंत्री वीरेन्द्र बेनीवाल की सदारत हुई तैयारी बैठक में आवाज उठाई, मगर वह नक्कारखाने में तूती के समान अनसुनी कर दी गई। नगर निगम मेयर कमल बाकोलिया ने तो इसे अनुचित भी बताया। लेकिन बात उठी तो दूर तक ले जाने की तैयारी शुरू हो गई।
राष्ट्र रक्षा संकल्प समिति ने कार्यक्रम संयोजक अमित भंसाली के नेतृत्व में जन भावना को अभियान की शक्ल दी और सरबजीत की हत्या के विरोध में शुरू किया हस्ताक्षर अभियान शुरू करवा कर पाकिस्तान को शत्रु राष्ट्र घोषित करने और उर्स में पाक जायरीन को अनुमति न देने पर जोर देना शुरू कर दिया। आरएसएस के महानगर संघ चालक सुनील दत्त जैन ने साफ तौर पर कहा कि पाकिस्तान लगातार भारत की अस्मिता पर कुठाराघात कर रहा है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार से मांग की है कि पाकिस्तान से आने वाले जायरीन के प्रवेश पर तत्काल पाबंदी लगाई जाए। गगवाना सरपंच असलम पठान ने भी सुर में सुर मिलाते हुए कहा कि पाक से सभी रिश्ते तोड़ते हुए वहां से आने वाले जायरीन नहीं आने देना चाहिए। गेगल सरपंच अब्दुल जलील पाक सरकार के खिलाफ सख्त कदम उठाने की पैरवी की। उग्रपंथी तेवर वाले भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीरज जैन ने तो चेतावनी ही दे दी है कि पाक जायरीन को अनुमति दी तो परिणाम घातक हो सकते हैं। कुल मिला कर विरोध काफी मुखर हो चुका है। ऐसे में प्रशासन के लिए एक और मुसीबत हो गई है।
वैसे जानकारों का मानना है कि भले ही निचले स्तर पर इतना विरोध हो रहा है, मगर जायरीन को न आने देने का फैसला करना सरकार के लिए बहुत आसान नहीं होगा। यह केवल पाकिस्तानियों को आने देने का मसला मात्र नहीं है, इसके साथ अंतरराष्ट्रीय मानकों पर दो देशों के बीच के संबंधों की बुनियाद भी जुड़ी हुई है। पाकिस्तान स्थित हिंदू तीर्थ स्थलों पर भारतीयों के जाने का मसला भी जुड़ा हुआ है। वोट बैंक की राजनीति तो परोक्ष रूप से जुड़ी हुई ही है। ऐसे में लगता ये ही है कि सरकार हरसंभव कोशिश यही करेगी कि जायरीन जत्थे के आने में बाधा न डाली जाए। भले ही उसके लिए उसे अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम करने पड़ें। कड़ी सुरक्षा में जियारत करवाई जाए और ठहराये जाने वाले स्थल के बाहर इधर-उधर घूमने पर पाबंदी लगाई जाए। बाकी इतना तो तय है कि यदि वे आए तो विरोध प्रदर्शन जरूर होगा। वह कितना उग्र होगा, इस बारे में अभी कुछ कहना असंभव है। वैसे संभव ये भी है कि वह पाकिस्तान को यह संदेश भेजे कि फिलवक्त जो माहौल है, उसमें जायरीन आए तो कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होगी। ये तो हुई भारतीय पक्ष की बात, मगर अव्वल तो पहले यह पाकिस्तान तय करेगा कि वह ताजा माहौल में अपने नागरिकों को भारत भेजने की अनुमति देता है या नहीं। अब तक तो इस बारे में कोई सूचना ही नहीं मिली है कि कितने जायरीन आना चाहते हैं और उनके आने का कार्यक्रम क्या है।
-तेजवानी गिरधर

रविवार, 5 मई 2013

दरगाह कमेटी सदस्यों को नहीं चिंता उर्स मेला व्यवस्थाओं की


बेशक महान सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती के सालाना उर्स की व्यवस्थाएं जिला प्रशासन, नगर सुधार न्यास व नगर निगम को ही करनी होती है, मगर दरगाह की अंदरूनी व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदार दरगाह कमेटी के नव मनोनीत सदस्यों ने उर्स शुरू होने से पहले एक बार भी अजमेर आने का कष्ट नहीं उठाया है। इससे ऐसा संदेश जा रहा है कि वे राजनीतिक दमखम पर सदस्य तो बन गए और उसके नाते यहां मिलने वाली सुविधाओं का उपभोग भी करेंगे, मगर उन्हें उर्स मेला व्यवस्थाओं से कोई सरोकार नहीं है। शायद उन्हें उर्स मेले की अहमियत का अंदाजा ही नहीं है। यहां देशभर से जायरीन आते हैं और दरगाह के अंदर की जाने वाली व्यवस्थाओं में कमी रहने पर उन्हें परेशानी हो सकती है, मगर इसकी उनको कोई चिंता ही नहीं है। उन्हें जरा भी ख्याल नहीं है कि यहां आनासागर विश्राम स्थली का पानी खाली न करवाए जाने को लेकर लगातार विरोध जताया जा रहा है। उन्हें शायद इसकी चिंता भी नहीं कि पाकिस्तान में भारतीय कैदी सरबजीत की हत्या के बाद यहां का माहौल गर्माया हुआ है और अनेक संगठन यहां आने वाले पाकिस्तानी जायरीन जत्थे का विरोध बढ़ता जा रहा है।
दरगाह कमेटी सदस्यों के इस लापरवाही भरे रवैये को अंजुमन ने भी उठाया है और उनकी शिकायत है कि एकाध को छोड़ कर नए सदस्य अब तक अजमेर आए भी नहीं हैं, ऐसे में वे उर्स की तैयारियों के संबंध में क्या सुझाव देंगे। सदस्यों को पहले यहां आना चाहिए था और पूरी स्थिति समझते तब बैठक में भाग लेते तो बात अलग होती।
हालांकि अंजुमन लगातार आनासागर विश्रााम स्थली पर भी जायरीन को ठहराने पर जोर दे रही है, मगर जब उसकी सुनवाई नहीं हो रही तो उन्होंने उम्मीद जताई है कि दिल्ली में होने वाली कमेटी की बैठक में वे इस मुद्दे को उठाएंगे। अंजुमन सचिव सैयद वाहिद हुसैन अंगाराशाह का कहना है कि आनासागर विश्राम स्थली में भरे पानी को अब तक खली नहीं कराया गया है। इससे उर्स में आने वाले जायरीन को खासी परेशानी होगी। यह विश्राम स्थली दरगाह के निकट होने के कारण जायरीन की पहली पसंद है, लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
हालांकि प्रशासन भी समझता है कि जायरीन के लिए आनसागर विश्राम स्थली ही सबसे ज्यादा मुफीद है, मगर वह वहां व्यवस्थाएं करने से गुरेज कर रहा है। इस मसले का गौर करने लायक पहलु ये है कि अजमेर के एक दैनिक ने जायरीन की समस्या को रेखांकित करते हुए इस विश्राम स्थली को खाली करवाने का अभियान से चला रखा है तो जिला कलेक्टर ने उसे बैलेंस करने के लिए दूसरे दैनिक का सहारा लिया और इस तरह का माहौल बना रहे हैं कि इस विश्राम स्थली को खाली करवाना नामुमकिन है।
अफसोसनाक बात ये है कि गत 1 मई को गृह राज्यमंत्री वीरेंद्र बेनीवाल ने कलेक्ट्रेट परिसर में बैठक ले कर सारे इंतजाम 5 मई तक मुकम्मल करने को कहा, मगर उस पर भी अमल नहीं हुआ। दरगाह क्षेत्र और विश्राम स्थलियों में व्यवस्थाएं पूरी नहीं हो पाई हैं। ट्रांसपोर्ट नगर विश्राम स्थली में शामियाने लगाने का काम तो शुरू किया गया है, मगर अभी बहुत सारी तैयारियां बाकी हैं। अंदरकोट, खादिम मोहल्ला और आसपास के क्षेत्रों के लोगों में इस कारण रोष है कि बिजली, पानी और सड़क के काम अब तक पूरे नहीं हो पाए हैं। इसी प्रकार पीर रोड, शीशा खान आदि क्षेत्रों में भी अब तक व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं हो पाई हैं।
-तेजवानी गिरधर

बुधवार, 1 मई 2013

पाक जायरीन के उर्स मेले में आने पर असमंजस


भारतीय युवक सरबजीत पर पाकिस्तान की कोट लखपत जेल में हुए हमले के बाद देशभर में पाकिस्तान के खिलाफ बने माहौल को देखते हुए इस बार महान सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती के 7 मई से आरंभ होने वाले सालाना उर्स मेले में पाक जायरीन के आने पर असमंजस उत्पन्न हो गया है। एक ओर जहां पाक जायरीन जत्थे को लेकर यहां विरोध के स्वर उठने लगे हैं, वहीं संभव है पाकिस्तान भी एहतियात के तौर पर अपने नागरिकों को यहां आने की अनुमति न दे।
ज्ञातव्य है कि पिछले कई साल से हर बार उर्स मेले में पाकिस्तानी जायरीन का बड़ा जत्था अजमेर में जियारत के लिए आता रहा है। उनका यहां बेहतरीन इस्तकबाल होता है, खादिमों की संस्था अंजुमन की ओर से जलसा होता है और प्रशासन भी उनकी आवभगत के पूरे इंतजाम करता है। एक बार तो नगर परिषद के भूतपूर्व सभापति स्वर्गीय वीर कुमार ने उनका परिषद के ओर से शानदार स्वागत भी किया था। पाक जायरीन यहां बड़े सुकून से जियारत करते हैं और बाजारों में घूम कर खरीददारी भी करते हैं। छिटपुट विवाद को छोड़ कर आम तौर पर उनके आगमन को लेकर कोई दिक्कत नहीं आती। लेकिन इस बार चूंकि पूरा देश सरबजीत के मामले में उबल रहा है, इस कारण तनिक संदेह होता है कि उनके आने पर कुछ अप्रिय भी हो सकता है। कुछ संगठनों और भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी ने तो बाकायदा मांग ही कर दी है कि उन्हें यहां आने की अनुमति न दी जाए। उन्होंने गृहराज्य मंत्री वीरेन्द्र बेनीवाल की सदारत में हुई तैयारी बैठक में भी इस मुद्दे को उठाया। ऐसे में माहौल और गरमा गया है। चुनावी साल है, इस कारण मामला राजनीतिक रंग भी ले सकता है। इसके अतिरिक्त हिंदूवादी संगठन भी तीखा रुख अख्तियार कर सकते हैं। अब देखना ये है कि प्रशासन और सरकार क्या रुख अख्तियार करते हैं। हालांकि हर बार उर्स मेला शुरू होने से पहले ही पाक जायरीन के आने का आधिकारिक सूचना आ जाती है, मगर इस बार अब तक कोई सूचना नहीं है। संभव है पाकिस्तान सरकार भी अपने नागरिकों को ऐसे गरम माहौल में यहां आने की अनुमति न दे। कुछ मिला कर संशय कायम है। अगर पाक जत्था आया तो प्रशासन के लिए उनकी सुरक्षा करना एक बेहद कठिन काम हो जाएगा, क्यों कि वह तो पहले से ही मेले के इंतजाम और मेले के दौरान वीवीआईपी के आगमन व उनकी ओर से चादर पेश होने के कारण अत्यधिक व्यवस्त हो जाता है।
-तेजवानी गिरधर