रविवार, 22 दिसंबर 2013

ब्यावर नगर परिषद सभापति ने चहेते पत्रकारों को बांटी रेवडिय़ां

अंधा बांटे रेवड़ी, फिर-फिर अपनों को देय। यह कहावत अजमेर जिले की ब्यावर नगर परिषद के सभापति डॉ. मुकेश मौर्य पर सटीक साबित होती है। अपने चहेतों को उपकृत करने के लिए सभापति हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। कुछ समय पूर्व सफाई कर्मचारी भर्ती मामला और अवैध कॉम्पलैक्स निर्माण विवादों में रहा था। इस बार तो सभापति ने सारी हदें पार कर दीं। अपना उल्लू साधने के लिए पार्षदों को लड़ाने में माहिर सभापति ने अब पत्रकारों में फूट डाल दी।
कांग्रेस राज में जमकर कथित भ्रष्टाचार करने वाले ब्यावर नगर परिषद सभापति मुकेश मौर्य भाजपा राज आते ही सकते में आ गए हैं। सत्ता बदलते ही भाजपा पार्षदों ने भी भ्रष्टाचार की पोल खोलना शुरू कर दिया है। सभापति की शिकायतें स्वायत्त शासन विभाग और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में की गई। समाचार पत्रों में यह खबरें प्रकाशित होते ही सभापति की नींद उड़ गई। उन्हें भ्रष्टाचार का खेल एसीबी और मुख्यमंत्री तक पहुंचने का डर सताने लगा। इस मामले को दबाने और गोरखधंधों को छिपाने के लिए सभापति ने चुनिंदा पत्रकारों को भूखण्डों की लॉलीपोप थमा थी। प्रमुख समाचार पत्रों के प्रभारियों और परिषद की बीट देखने वाले संवाददाताओं को भूखंड आवंटित कर दिए। इतना ही नहीं सभापति ने अपने चहेतों को राजी करने के लिए उनसे जुड़े कम्प्यूटर ऑपरेटर और फोटोग्राफर्स के नाम भी भूखंड आवंटित कर दिए। हालांकि दिखावे के लिए भूखण्ड आवंटन की यह प्रक्रिया 20 दिसंबर को पत्रकारों के सामने अंजाम दी गई मगर इस प्रक्रिया में 52 आवेदकों में से सिर्फ 13 आवेदकों को ही लाभ दिया गया। शेष फाइलें मौके पर मौजूद तक नहीं थी। भूखंड से वंचित पत्रकारों द्वारा कारण पूछे जाने पर सभापति ने टालमटोल जवाब दिए। न तो उनकी फाइलें मौके पर मंगवाई गई और न हीं उन्हें बताया गया कि फाइलों में आखिर ऐसी क्या कमी रही, जिनकी वजह से उन्हें इस प्रक्रिया में शामिल नहीं किया गया। पत्रकारों के नाराजगी जाहिर करने पर सभापति कक्ष में भूखण्ड का लाभ पाने वाले पत्रकार भड़क गए और सभापति की हिमायत करने लगे। मॉर्निंग न्यूज के विष्णुदत्त धीमान, ईटीवी के सुमित सारस्वत, केशवधारा के संपादक संदीप बुरड़ ने सभी पत्रकारों की फाइलें मौके पर मंगवाने और फाइलों में कमियां बताने की बात कही। इस पर भूखण्ड का लाभ लेने वाले राजस्थान पत्रिका के भगवत दयाल सिंह और दैनिक नवज्योति के किशनलाल नटराज आगबबूला हो गए। पत्रिका के भगवत दयाल तो इतना भड़के कि संदीप बुरड़ से गाली-गलौच करते हुए मारपीट के लिए दौड़ पड़े। मौके पर मौजूद पत्रकारों और कर्मचारियों ने बीच बचाव किया। 'फूट डालो और राज करोÓ की नीति अपनाने वाले सभापति मुस्कुराते हुए यह सारा नजारा देख रहे थे। उनके चेहरे की कुटिल मुस्कान साफ बयान कर रही थी कि वे अपना उल्लू साधने में सफल रहे। सभापति ने पत्रकार विमल चौहान, राहुल पारीक, हेमंत कुमार साहू, कमल किशोर प्रजापति, संतोष कुमार त्रिपाठी, किशनलाल नटराज, मोमीन रहमान, राजेश कुमार शर्मा, पदम कुमार सोलंकी, कमल कुमार जलवानियां, तरुण दीप दाधीच, भगवत दयाल सिंह, महावीर प्रसाद को पत्रकार कॉलोनी में भूखण्ड आवंटित किए हैं। शेष आवेदकों को सभापति ने झांसा देकर टरका दिया।
सभापति कक्ष से बाहर आकर पत्रकार मनीष चौहान, दिलीप सिंह, बबलू अग्रवाल, संदीप बुरड़, सुमित सारस्वत, विष्णु धीमान, बृजेश शर्मा, विष्णु जलवानियां, यतीन पीपावत ने नाराजगी जाहिर की। पत्रकारों की यह नाराजगी भगवत दयाल को रास नहीं आई और उसने धमकी दे डाली कि 'देखता हूं अब तुम लोग प्लॉट कैसे लेते हो। तुममें दम हो तो सभापति से लेकर दिखाना।Ó उसके इस कथन से मिलीभगत साफ जाहिर होती है।
हमारे सूत्रों ने तो इतना तक बताया कि प्रक्रिया शुरू होने से पहले सूची कुछ और थी, जिसे बाद में बदल दिया गया। इस बीच किशनलाल को सभापति कक्ष में सभी पत्रकारों की फाइलें टटोलते हुए देखा गया। इस बात को लेकर वहां मौजूद कुछ पार्षद भी हैरत में पड़ गए थे कि आखिर सभापति के राज में यह सब क्या हो रहा है।
सभापति द्वारा अंजाम दी गई कि यह पूरी कार्यवाही अवैध थी। इसे पारदर्शी बनाने की बजाय गोपनीय रखा गया। सभापति ने नियमों को दरकिनार कर चहेतों को रेवडिय़ों की तरह भूखण्ड आवंटित कर दिए, ताकि उनके मुंह बंद रहें। यह प्रक्रिया पूरी तरह नियम विरूद्ध थी, जो कई सवाल खड़े करती है। नियमानुसार इस प्रक्रिया का चयन उस कमेटी द्वारा होना चाहिए था, जिसमें सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी एवं संपादकीय टीम से जुड़ा कोई वरिष्ठ पत्रकार सदस्य शामिल हो। जबकि सभापति द्वारा मनमर्जी से गठित की गई पांच सदस्यों की कमेटी में न तो पीआरओ प्रतिनिधि था और न ही कोई संपादकीय सदस्य। सभापति की अध्यक्षता में बनी कमेटी में आयुक्त ओमप्रकाश ढीढवाल, सहायक लेखाधिकारी घनश्याम तंवर, कार्यालय अधीक्षक दुर्गालाल जाग्रत, वरिष्ठ लिपिक भंवरनाथ रावल शामिल थे।
वंचित आवेदकों ने प्रक्रिया पर संदेह जताते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कुछ आवेदकों को योग्य नहीं होने के बावजूद भूखण्ड दे दिए गए हैं, जबकि योग्यता रखने वाले आवेदकों की अनदेखी की गई। सभापति ने कुछ समय पूर्व पत्रकारिता में कदम रखने वाले अनाडिय़ों को पत्रकार की श्रेणी में शामिल कर लिया, जबकि राज्य सरकार द्वारा अधिस्वीकृत पत्रकारों को दरकिनार कर दिया। सभापति ने जिन मोमीन रहमान को भूखण्ड आवंटित किया है, वे कुछ समय पूर्व नवज्योति में कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर लगे थे। प्रेस फोटोग्राफर कमल किशोर प्रजापति उर्फ सुमन प्रजापति अशिक्षित हैं। महावीर प्रसाद दैनिक भास्कर के सक्र्युलेशन विभाग में कार्यरत हैं। सुबह उठकर अखबार बेचने वाले को भी सभापति ने न जाने क्यों प्रक्रिया में शामिल कर भूखण्ड का लाभ दे दिया। वर्षों से पत्रकारिता में जीवन झोंक रहे 80 वर्षीय अधिस्वीकृत पत्रकार भंवरलाल शर्मा को योजना का लाभ नहीं दिया गया।
आखिर क्या वजह रही कि चयन कमेटी में संपादकीय सदस्य और पीआरओ को शामिल नहीं किया गया? वर्षों से सिर्फ पत्रकारिता कर रहे पत्रकारों की अनदेखी क्यों की गई? आखिर ऐसी क्या सांठ-गांठ रही कि किशनलाल को सभापति कक्ष में पत्रकारों की फाइलें टटोलने की परमिशन दी गई? आखिर क्या वजह रही कि राजेश शर्मा, किशनलाल और भगवत दयाल पूरी प्रक्रिया के तहत अगुवाई करते हुए घर-घर जाकर फार्म भरवाते रहे और बाद में घालघुसेड़ कर खुद को भूखण्ड मिलने के बाद चुप्पी साध गए? सात दिवस की निर्धारित अवधि में आवेदन फार्म जमा करवाने के बाद परिषद ने नोटिस थमाकर आपत्तियां पूरी करने के लिए तीन दिवस का समय दिया था। निर्धारित अवधि में पत्रकारों ने कमियों की पूर्ति कर दस्तावेज जमा करवा दिए। इसके बाद फिर कौनसी कमियां रह गई जिनकी वजह से लॉटरी के वक्त फाइलों को मौके पर नहीं मंगवाया गया? आखिर लॉटरी प्रक्रिया के दौरान वंचित आवेदकों को पूछने पर भी फार्म की कमियां क्यों नहीं बताई गई? नियमानुसार सभी फाइलें चैक होने के बाद चयनित फाइलों के आवेदकों की लॉटरी निकालनी थी, जबकि सभापति ने प्लॉट की लॉटरी निकाली। 27 में से 13 प्लॉट आवंटित करने के बाद अब 14 प्लॉट शेष बचे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि शेष 14 प्लॉट बचे हुए 39 आवेदकों को कैसे दिए जाएंगे?
इन सभी सवालों को दरकिनार कर सभापति ने अपने शेष कार्यकाल को राजी-खुशी निकालने के लिए पत्रकारों को मैनेज किया है। वैसे राजनीति में लेन-देन की परंपरा तो वर्षों से चली आ रही है, मगर काले कारनामों को छुपाने के लिए भूखण्ड देकर मुंह बंद करने का यह तरीका नया है जो जनप्रतिनिधियों के साथ शहर में चर्चा का विषय बन गया है। अब देखना है कि संवेदनशील और पारदर्शी सरकार के शासन में लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ कहलाने वाले इन पत्रकारों के साथ क्या न्याय होगा।

शनिवार, 21 दिसंबर 2013

जीत के लिए कांग्रेस को पाटना होगा 1 लाख 91 हजार 943 मतों का अंतर

अजमेर संसदीय क्षेत्र की सभी आठ विधानसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा
अजमेर। पिछले लोकसभा चुनाव में जहां कांग्रेस के सचिन पायलट ने भाजपा की श्रीमती किरण माहेश्वरी को 76 हजार 135 मतों के भारी अंतर से पराजित किया था, वहीं अगर ताजा विधानसभा चुनाव परिणाम के आंकड़ों के हिसाब से देखें तो भाजपा ने न केवल यह अंतर पाट दिया है, अपितु 1 लाख 91 हजार 943 मतों की बढ़त भी हासिल कर ली है। अजमेर संसदीय क्षेत्र के आठों विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस व भाजपा को मिले मतों का यह मोटा मोटा अंतर पाटना कांग्रेस प्रत्याशी के लिए एक मुश्किल टास्क होगा। यदि कांग्रेस व भाजपा के बागियों को मिले वोटों को दोनों दलों के वोटों में जोड़ दिया जाए तो भी भाजपा की बढ़त 1 लाख 60 हजार 916 मतों की रहेगी। पूरे संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस के बागियों को 85 हजार 66 मत मिले, जबकि भाजपा के बागियों ने 54 हजार 39 वोट हासिल किए थे।
यूं हर निर्दलीय ने किसी न किसी को नुकसान पहुंचाया होगा, मगर प्रमुख निर्दलियों या बागियों पर नजर डालें तो अजमेर उत्तर, अजमेर दक्षिण व पुष्कर में सीधी टक्कर ही थी। केकड़ी में कांग्रेस के बागी व एनसीपी के प्रत्याशी पूर्व विधायक बाबूलाल सिंगारियां ने 17 हजार 35 मत झटक लिए। यहां कांग्रेस के डॉ. रघु शर्मा 8 हजार 867 वोटों से हारे। अर्थात यही एक मात्र ऐसी सीट रही, जहां कांग्रेस विरोधी लहर का असर नहीं पड़ा। सिंगारियां नहीं होते तो कांग्रेस के डॉ. रघु शर्मा आसानी से जीत जाते।  किशनगढ़ में एनसीपी के उज्जीर खां ने कांग्रेस को 1763 वोटों का झटका दिया। इसी प्रकार बीएसपी के हिम्मत सिंह ने 2775, निर्दलीय रामसिंह चौधरी ने 2283 व निर्दलीय हुक्म सिंह हरमाड़ा ने 1465 मत लिए और दोनों दलों को नुकसान पहुंचाया। नसीराबाद में निर्दलीय संगीता व बसपा के अशोक खाबिया ने भाजपा को 1131 व 1515 वोटों का झटका दिया। कांग्रेस को निर्दलीय सुवा लाल गुंजल व सलामुद्दीन से क्रमश: 2972 व 1769 वोट का झटका दिया। मसूदा में कांग्रेस के बागी निर्दलीय रामचंद्र चौधरी व वाजिद चीता ने 28 हजार 447 व 20690 वोट का झटका दिया। भाजपा को तीन बागियों देहात जिला अध्यक्ष नवीन शर्मा ने 22 हजार 186, भंवर लाल बूला ने 8433 व शांति लाल गुर्जर ने 10622  वोटों का नुकसान पहुंचाया। यहां बसपा के गोविन्द ने 2098,  भारतीय युवा शक्ति के कमलेश ने 1066, निर्दलीय ओमप्रकाश ने 1078, मांगीलाल जांगिड़ ने 1838 और शान्ति लाल ने 10622 वोट हासिल कर दोनों को नुकसान पहुंचाया।
ज्ञातव्य है कि अजमेर संसदीय क्षेत्र में शामिल अजमेर जिले की सात सीटों किशनगढ़, पुष्कर, अजमेर उत्तर, अजमेर दक्षिण, मसूदा, नसीराबाद, मसूदा एवं केकड़ी और जयपुर जिले की दूदू विधानसभा सीट पर भाजपा ने कब्जा कर लिया है। उनमें विभिन्न प्रत्याशियों को मिले मतों का विवरण इस प्रकार है:-
किशनगढ़
किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के भागीरथ चौधरी विजयी रहे। उन्होनें इंडियन नेशनल कांग्रेस के नाथूराम सिनोदिया  को 31 हजार 74 मतों से हराया।  श्री चौधरी को 95 हजार 384 मत मिले जबकि श्री नाथूराम सिनोदिया को 64 हजार 310 मत मिले। एनसीपी के उज्जीर खां को 1763, बीएसपी के हिम्मत सिंह को 2775, एनपीपी के गोपाल माहेश्वरी को 364, निर्दलीय प्रहलाद सिंह को 325, निर्दलीय बंसत कुमार राठी को 328, निर्दलीय रामसिंह चौधरी को 2283, निर्दलीय सत्यनारायण चौसला को 859, निर्दलीय हुक्म सिंह हरमाड़ा  को 1465 मत मिले। यहां विधानसभा के कुल विधि मान्य मत एक लाख 69 हजार 856 रहे।  जबकि 101 मत निरस्त किए गए। नोटा के विकल्प के लिये 2540 मत पड़े।
पुष्कर
पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के सुरेश सिंह रावत विजयी रहे।  उन्होनें इंडियन नेशनल कांग्रेस की नसीम अख्तर इंसाफ को 41 हजार 290 मतों से हराया।  सुरेश सिंह को 90 हजार 13 मत मिले जबकि नसीम अख्तर इंसाफ को 48 हजार 723 मत मिले । बसपा के  दिलीप को 1770, भारतीय युवा शक्ति पार्टी के गोपाल महाराज को 2334, नेशनल पीपुल्स पार्टी के नारायण सिंह को 897, अखिल भारतीय आमजन पार्टी के लतीफ अली को 1287, निर्दलीय पे्रम सिंह राठौड को 2501 मत मिलें। यहां विधानसभा के कुल विधि मान्य मत एक लाख 47 हजार 525 रहे।  जबकि 77 मत निरस्त किए गए। नोटा के विकल्प के लिये 2943 मत पड़े।
अजमेर उत्तर
अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के श्री वासुदेव देवनानी विजयी रहे। इन्होनें इंडियन नेशनल कांग्रेस के डॉ. श्रीगोपाल बाहेती को 20 हजार 479 मतों से हराया।  देवनानी को 68 हजार 461 मत मिले जबकि डॉ. बाहेती को 47 हजार 982 मत मिले । निर्दलीय कैलाश चन्द्र शर्मा को 666, निर्दलीय नारायण दास सिंधी को 225, निर्दलीय पुखराज को 207, निर्दलीय मिठ्ठू सिंह रावत को 296, निर्दलीय मुन्ना मारवाडी को 240, निर्दलीय सोहन लाल को 984 मत मिले। यहां विधानसभा के कुल विधि मान्य मत एक लाख 19 हजार 61 रहे।  जबकि 148 मत निरस्त किए गए। नोटा के विकल्प के लिये 2357 मत पड़े।
अजमेर दक्षिण
अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की अनिता भदेल विजयी रही।  इन्होनें इंडियन नेशनल कांग्रेस के हेमन्त भाटी को 23 हजार 158 मतों से हराया।  अनिता भदेल को 70 हजार 509 मत मिलें जबकि हेमन्त भाटी को 47 हजार 351 मत मिले। बसपा के गणपत लाल को 990, नेशनल पीपुल्स पार्टी के सुरेश को 793, निर्दलीय ओमप्रकाश को 540, निर्दलीय सोहनलाल को 569 मत मिले। यहां विधानसभा के कुल विधि मान्य मत एक लाख 20 हजार 752 रहे।  जबकि 103 मत निरस्त किए गए। नोटा के विकल्प के लिये 2342 मत पड़े।
नसीराबाद
नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के सांवर लाल विजयी रहे।  उन्होनें इंडियन नेशनल कांग्रेस के महेन्द्र सिंह गुर्जर को 28 हजार 900 मतों से हराया।  सांवर लाल को 84 हजार 953 मत मिले जबकि महेन्द्र सिंह गुर्जर को 56 हजार 53 मत मिले । निर्दलीय प्रभू को 1305, बसपा के  अशोक को 1515, निर्दलीय भागू सिंह रावत को 248, निर्दलीय राजेश कुमार को 244, निर्दलीय सलामुद्दीन को 1213, निर्दलीय सालम को 1769, निर्दलीय सुवालाल गुंजल को 2972, निर्दलीय संगीता को 1131 मत मिलें। यहां विधानसभा के कुल विधि मान्य मत एक लाख 51 हजार 403 रहे।  जबकि 131 मत निरस्त किए गए। नोटा के विकल्प के लिये 1946 मत पड़े।
मसूदा
मसूदा विधानसभा क्षेत्र  में भाजपा की सुशील कंवर पलाड़ा विजयी रही। पलाडा ने इंडियन नेशनल कांग्रेस के ब्रहमदेव कुमावत को 4475 मतों से पराजित किया।  सुशील कंवर पलाडा को 34 हजार 11  मत मिले जबकि ब्रहमदेव कुमावत को 29 हजार 536 मत मिले। यहा बसपा के गोविन्द को 2098,  भारतीय युवा शक्ति के कमलेश को 1066,  जागो पार्टी के नारायण लाल जोशी को 646,  राष्ट्रीय लोकदल के हीरा सिंह चौधरी को 435, निर्दलीय ओमप्रकाश को 1078, निर्दलीय नवीन शर्मा को 22 हजार 186,  निर्दलीय पुष्कर नारायण त्रिपाठी को 791, निर्दलीय भंवर सिंह को 3390, निर्दलीय भंवर लाल बूला को 8433,  निर्दलीय मांगीलाल जांगिड को 1838, निर्दलीय रामचन्द्र को 28447,  निर्दलीय वाजिद को 20690,  निर्दलीय शान्ति लाल को 10622  मत मिले। यहां विधानसभा के कुल विधि मान्य मत एक लाख 65 हजार 267 रहे।  जबकि 113 मत निरस्त किए गए। नोटा के विकल्प के लिये 2676 मत पड़े।
केकड़ी
केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के शत्रुघ्न गौतम विजयी रहे। इन्होनें इंडियन नेशनल कांग्रेस के डांॅ रघु शर्मा को 8 हजार 867 मतो से हराया।  शत्रुघ्न गौतम को 71292 मत मिले जबकि डांॅ रघु शर्मा को 62 हजार 425 मत मिले। एनसीपी के बाबूलाल सिंगारिया को 17 हजार 35, बसपा के सोराम को 1043, लोकदल के कमलेश कुमार माली को 311, बहुजन संघर्ष दल के चन्द्रप्रकाश लोहार को 584, भारतीय युवा शक्ति पार्टी के रामप्रसाद को 466, सपा के बालूराम जाट को 287, एनपीपी के सूरजकरण को 918, निर्दलीय गीता देवी को 1267 एवं महेश कुमार पोपटानी को 1480 मत मिले। यहां विधानसभा के कुल विधि मान्य मत एक लाख 57 हजार 108 रहे।  जबकि 85 मत निरस्त किए गए। नोटा के विकल्प के लिये 2598 मत पड़े।
जयपुर जिले के दूदू विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने कांग्रेस को 33 हजार 720 मतों से पराजित किया। भाजपा के प्रेमचंद को 86 हजार 238 जबकि कांग्रेस के हजारी लाल नागर को 52 हजार 519 वोट प्राप्त हुए।
ज्ञातव्य है कि कांग्रेस ने पंद्रहवीं लोकसभा चुनाव के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस के दिग्गज प्रत्याशी सचिन पायलट ने भाजपा की महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती किरण माहेश्वरी को 76 हजार 135 मतों के बड़े अंतर से हरा दिया था। कुल 14 लाख 52 हजार 490 मतदाताओं वाले इस संसदीय क्षेत्र में पड़े 7 लाख 70 हजार 875 मतों में सचिन को 4 लाख 5 हजार 575 और किरण को 3 लाख 29 हजार 440 मत मिले। पिछले छह चुनावों में यहां कुल पांच बार भाजपा के प्रो. रासासिंह रावत जीते थे और यह भाजपा का गढ़ सा बन गया था, जबकि एक बार कांग्रेस की प्रभा ठाकुर ने उन्हें 5772 मतों से हरा कर इसे ध्वस्त किया था। कुल 7 लाख 71 हजार 160 वैध मतों में से बसपा के रोहितास को 9 हजार 180, जागो पार्टी के इन्द्रचन्द पालीवाला को 7 हजार 984 तथा निर्दलीय उम्मीदवार ऊषा किरण वर्मा को 4 हजार 670, नफीसुद्दीन मियां को 3 हजार 134, मुकेश जैन को 2 हजार 601 तथा शांति लाल ढाबरिया को 8 हजार 576 मत मिले। कुल 171 मत अवैध हुए, 34 टेण्डर मत गिरे और कुल मतदान 7 लाख 71 हजार 502 मतों का हुआ । पोस्टल बैलट पेपर 454 में 178 किरण माहेश्वरी को, 104 सचिन पायलट को व एक मत रोहितास को मिला। कुल 171 पोस्टल बैलट पेपर अवैध हुए।
यहां यह बताना भी प्रासंगिक रहेगा कि पिछले विधानसभा चुनाव में पांच क्षेत्रों पुष्कर, किशनगढ़, नसीराबाद, केकड़ी व दूदू पर कांग्रेस का कब्जा था और मसूदा क्षेत्र में जीते निर्दलीय विधायक ने कांग्रेस को समर्थन दे रखा था, जबकि भाजपा के पास केवल दो सीटें अजमेर उत्तर व अजमेर दक्षिण थीं। पूरे संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस को 3 लाख 72 हजार 332 वोट मिले थे, जबकि भाजपा को 3 लाख 54 हजार 536 वोट मिले। इस प्रकार कांग्रेस की बढ़त 17 हजार 796 बनी हुई थी। इस बढ़त को 76 हजार 135 तक बढ़ा कर कांग्रेस के सचिन पायलट ने जीत दर्ज की थी।
-गिरधर तेजवानी

शुक्रवार, 20 दिसंबर 2013

पहले दौर में रह ही गए देवनानी व अनिता भदेल

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मंत्रीमंडल गठन के पहले दौर में अजमेर जिले से सर्वाधिक अपेक्षित नसीराबाद विधायक प्रो. सांवरलाल जाट को तो स्थान दिया, मगर अजमेर उत्तर विधायक प्रो. वासुदेव देवनानी या अजमेर दक्षिण विधायक श्रीमती अनिता भदेल में से किसी एक को मंत्री बनाए जाने के कयासों पर विराम लगा दिया। दोनों के ही समर्थक अपने-अपने तर्क दे कर अपने नेता को मंत्रीमंडल में शामिल किए जाने के दावे कर रहे थे।
ज्ञातव्य है कि दोनों ही लगातार तीसरी बार जीते हैं। देवनानी एक बार राज्य मंत्री रह चुके हैं, इस कारण इस बार उन्हें केबीनेट नहीं तो कम से कम राज्य मंत्री बनाए जाने की संभावना थी। उनके नाम में इस कारण भी दम था कि वे संघ लॉबी के प्रमुख नेताओं में शुमार हैं। ज्ञातव्य है कि वसुंधरा राजे की इस्तीफा राजनीति के दौरान उन्होंने संघ के इशारे पर हस्ताक्षर नहीं किए थे। दिक्कत है तो ये कि इस बार एक साथ तीन सिंधी विधायक बने हैं। निम्बाहेड़ा से श्रीचंद कृपलानी व राजगढ़ से ज्ञानदेव आहूजा जीते हैं। आहूजा दूसरी बार विधायक बने हैं, जबकि कृपलानी भी वरिष्ठ हैं व वसुंधरा के करीबी माने जाते हैं। इस कारण चर्चा ये भी थी कि वे सिंधी कोटे में कृपलानी को प्राथमिकता दे सकती हैं। मगर साथ ही संघ लॉबी के दबाव में देवनानी का नाम पक्का माना जा रहा था। दूसरी ओर श्रीमती भदेल अनुसूचित जाति की महिला विधायक होने के साथ-साथ लगातार तीसरी बार जीतने के कारण मेरिट पर मानी जा रही थीं, मगर उनके साथ दिक्कत ये रही कि उनकी दमदार पैरवी करने वाले मात्र प्रदेश उपाध्यक्ष औंकार सिंह लखावत हैं। जहां तक इस्तीफा राजनीति का सवाल है, अफवाह यही है कि भदेल ने इस्तीफे पर साइन किए थे, मगर इसकी आज तक पुष्टि नहीं हो पाई।
अब चर्चा ये है कि चूंकि फिलहाल किसी सिंधी को शामिल नहीं किया गया है, इस कारण देवनानी की संभावना बरकरार है, जबकि श्रीमती भदेल इस कारण सब्र रख सकती हैं कि अभी एक भी महिला को मंत्री बनने का मौका नहीं मिला है। वैसे इतना पक्का है कि इन दोनों में से ही मंत्री बनेगा, चूंकि दोनों एक ही शहर से हैं। जहां तक पहले दौर में चांस न मिलने का सवाल है, तो माना जाता है कि चूंकि सर्वाधिक चार मंत्री अजमेर संभाग से हैं और उनको पहले मौका दिया जाना जरूरी था, इस कारण देवनानी व भदेल का नंबर नहीं आ पाया। उल्लेखनीय है कि प्रो. सांवरलाल जाट, यूनुस खान, कैलाश मेघवाल व अजय सिंह किलक अजमेर संभाग से हैं। कुल मिला कर देवनानी व भदेल के समर्थकों को कुछ दिन और इंतजार करना होगा।

मंगलवार, 17 दिसंबर 2013

जैन साहब, खुलासा तो आपको करना चाहिए

एडीए क्षेत्र के लिए तैयार किए जा रहे मास्टर प्लान 2033 का प्रारूप जारी करने के साथ ही अजमेर नगर सुधार न्यास के पूर्व सदर धर्मेश जैन ने  सवाल खड़ा किया है कि जब पूर्व में 2023 तक के लिए मास्टर प्लान बनाया गया था तो अब उसमें बदलाव की जरूरत क्यों पड़ रही है? उन्होंने मांग की है कि इसका खुलासा होना चाहिए। इस सिलसिले में उनका आरोप है कि कांग्रेस शासन में चहेतों के हित साधने के उद्देश्य से मास्टर प्लान में बदलाव किया गया है।
जैन साहब के आरोप में दम हो न हो, मगर भला प्रशासन कैसे यह खुलासा कर सकता है कि कांग्रेसियों को लाभ पहुंचाने के लिए मास्टर प्लान में क्या-क्या बदलाव किया गया है। अगर जैन साहब की जानकारी में है, जैसा कि उनके आरोप से ही लगता है, तो इसका खुलासा तो उनको ही करना चाहिए। यूं भी वे न्यास के सदर रह चुके हैं, इस कारण उन्हें पता है कि कहां क्या बदलाव किए गए हैं। पहले कांग्रेस सरकार के दौरान भी उनकी यही राय थी, मगर उनकी सुनने वाला कोई नहीं था। अब जब कि उनकी पार्टी की सरकार आ गई है तो उन्हें पूरे दम के साथ घालमेल का खुलासा करना चाहिए। वैसे उनकी बात में दम तो है। जब कांग्रेस शासन काल में कांग्रेसियों को लाभ पहुंचाने के लिए बदलाव किए गए तो अब भाजपा शासन काल में भाजपाइयों का हक बनता है।
मजे की बात ये है कि वे ये मांग कर रहे हैं कि सुझावों के लिए वर्तमान व पूर्व जनप्रतिनिधियों, किशनगढ़, पुष्कर के जागरूक नागरिकों को आमंत्रित किया जाना चाहिए, जबकि एडीए चेयरमैन व जिला कलेक्टर वैभव गालरिया पहले ही कह चुके हैं कि जनता व जन प्रतिनिधि अपने विचार, सुझाव व आपत्तियां एक माह में दे सकते हैं। उनके विचार व आपत्तियों को शुमार कर प्लान को अंतिम रूप दिया जाएगा। जो कुछ भी हो भाजपा शासनकाल में इतना घोचा करना तो उनका हक बनता है। वैसे भी भाजपाइयों में वे प्रदेश उपाध्यक्ष वे पूर्व न्यास सदर औंकार सिंह लखावत के बाद इकलौते नेता हैं, जिनकी मास्टर प्लान और एडीए मैटर्स पर पूरी मास्टरी है।

सोमवार, 16 दिसंबर 2013

लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी पर चर्चा शुरू

एक ओर जहां यह अफवाह जोरों पर है कि अजमेर जिले की आठों विधानसभा सीटों पर भाजपा के कब्जे के बाद मौजूदा सांसद व केन्द्रीय कंपनी मामलात राज्य मंत्री सचिन पायलट अजमेर से दुबारा चुनाव लडऩे का मानस नहीं बना पाएंगे, वहीं भाजपा खेमे में सचिन को ही सामने रख कर नए दावेदारों पर चर्चा शुरू हो गई है।
वस्तुत: भाजपा के पास कई विकल्प हैं। सबसे दमदार विकल्प है किसी जाट को चुनाव मैदान में उतारना। इसकी एक मात्र वजह ये है कि परिसीमन के बाद इस संसदीय क्षेत्र में जाटों के वोट तकरीबन दो लाख माने जाते हैं। भाजपा खेमा यह मान कर चलता है कि जाट प्रत्याशी सचिन को टक्कर देने की स्थिति में हो सकता है। सोच ये है कि दो लाख जाट, दो लाख वैश्य, सवा लाख रावत, एक लाख सिंधी व एक लाख राजपूत मतदाता जाट प्रत्याशी को जितवा सकते हैं। हालांकि कांग्रेस की जाटों पर भी पकड़ है, मगर यदि भाजपा की ओर से जाट प्रत्याशी खड़ा होता है कि अधिसंख्य जाट मतदाता जाट की बेटी जाट को व जाट का वोट जाट को की कहावत चरितार्थ हो सकती है। यह मार्शल कौम कहलाती हैं, इस कारण इसका मतदान प्रतिशत ज्यादा ही रहता है। बहरहाल, इस संभावना के मद्देनजर कुछ रिटायर्ड जाट अधिकारी भाग्य आजमाने की सोच रहे हैं। इनमें प्रमुख रूप से राजस्थान लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष सी. आर. चौधरी व अजमेर में कलेक्टर रह चुके महावीर सिंह का नाम सामने आ रहा है। यूं पूर्व जिला प्रमुख श्रीमती सरिता गैना के ससुर सी. बी. गैना का नाम भी चर्चा में है। एक और जाट सज्जन भी बताए जा रहे हैं, जिन्होंने वसुंधरा राजे की सुराज संकल्प यात्रा के दौरान अहम भूमिका निभाई बताई।
भाजपा के पास दूसरा विकल्प है किसी वैश्य पर दाव लगाना। हालांकि पिछली बार वैश्य समुदाय से श्रीमती किरण माहेश्वरी को मैदान में उतारा गया, मगर वे कामयाब नहीं हो पाईं। इस सिलसिले में स्थानीय वैश्य दावेदारों का मानना है कि वे स्थानीयता के नाम पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। वैश्य दावेदारों में पूर्व जिला प्रमुख पुखराज पहाडिय़ा, नगर सुधार न्यास के पूर्व अध्यक्ष धर्मेश जैन व पूर्व शहर भाजपा अध्यक्ष शिवशंकर हेड़ा के नाम शामिल हैं।
यूं अजमेर के पूर्व सांसद प्रो. रासासिंह रावत भी दावेदारी करने के मूड में नजर आते हैं। वे शहर भाजपा अध्यक्ष रहने की बजाय पुष्कर से विधानसभा चुनाव लडऩा चाहते थे, मगर उन्हें टिकट नहीं दिया गया, शायद लोकसभा चुनाव में विचार करने का आश्वासन दे कर। असल में पिछली बार परिसीमन की वजह से अजमेर संसदीय क्षेत्र का रावत बहुल मगरा इलाका कट जाने पर उन पर पार्टी ने दाव खेलना मुनासिब नहीं समझा। मगर किरण माहेश्वरी के हारने के बाद यह धारणा बनी कि रावत को राजसमंद भेजना गलत निर्णय था। अब भी जिले में सवा लाख रावत माने जाते हैं, जिनके दम पर उन्हें उतारा जा सकता है। वे यहां पांच बार सांसद रहे हैं, इस कारण उनकी पकड़ अच्छी है। इसके अतिरिक्त उन्हें स्थानीयता व सहज उपलब्धता के लिहाज से भी कमजोर नहीं पड़ेंगे।
दावेदारों में एक नाम और भी चर्चा में है। वो है कि मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे की पुत्रवधू व झालावाड़ के भाजपा सांसद दुष्यंत सिंह की धर्म पत्नी श्रीमती निहारिका राजे। असल में यह चर्चा विधानसभा चुनाव से पूर्व इस कारण शुरू हुई है कि अजमेर संसदीय क्षेत्र के अनेक भाजपा नेताओं से वसुंधरा राजे की ओर से बाकायदा बूथ वाइज आंकड़े मंगवाए जा रहे थे, इनमें जातीय समीकरण, प्रमुख कार्यकर्ताओं के नाम व उनके मोबाइल नंबर, विभिन्न जातियों के प्रमुख नेताओं व कार्यकर्ताओं के नाम-पते इत्यादि शामिल थे। तर्क ये दिया जा रहा था कि उन्होंने विधानसभा चुनाव के सर्वे के लिए यह फीडबैक लिया, मगर इतना विस्तृत फीडबैक और वह भी केवल अजमेर संसदीय क्षेत्र के विधानसभा क्षेत्रों का तो जरूर कुछ खास बात रही होगी। चर्चा ये थी कि उन्होंने श्रीमती निहारिका राजे के लिए यहां राजनीतिक जमीन की तलाश करवाई थी। इसके पीछे एक तर्क ये भी है कि अजमेर संसदीय क्षेत्र में तकरीबन डेढ़ लाख गुर्जर मतदाता हैं और श्रीमती निहारिका भी गुर्जर समाज की बेटी हैं। कहने की जरूरत नहीं है कि अजमेर संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित केन्द्रीय कंपनी राज्य मंत्री सचिन पायलट भी गुर्जर समुदाय से हैं। पिछले चुनाव में किरण माहेश्वरी के हार जाने के बाद भाजपा यहां सचिन के सामने एक सशक्त उम्मीदवार की तलाश में हैं और उसमें निहारिका फिट बैठती हैं। जहां तक जातीय समीकरण का सवाल है, कांग्रेस व भाजपा के अपने-अपने जातीय वोट बैंक हैं। उनमें अगर परंपरागत रूप से कांग्रेस के साथ रहने वाले गुर्जर समुदाय में सेंध मार ली जाती है तो एक बड़ी उपलब्धि हो सकती है।
यूं पिछली बार दावेदार की चुके नगर निगम के पूर्व महापौर धर्मेन्द्र गहलोत, मगरा विकास बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष मदनसिंह रावत, युवा भाजपा नेता भंवर सिंह पलाड़ा, अजमेर नगर परिषद के पूर्व सभापति सुरेन्द्र सिंह शेखावत, पूर्व केकड़ी प्रधान रिंकू कंवर आदि के भी दावा ठोकने के आसार हैं।
-तेजवानी गिरधर