गुरुवार, 20 अगस्त 2026

नशे को ना, जिंदगी को हां: भंवरलाल गोठी स्कूल में गूंजा नशामुक्ति का संदेश

 ब्यावर: श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित भंवरलाल गोठी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ब्यावर में ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सहयोग से “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।


कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ एवं संस्कारयुक्त जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, सकारात्मक सोच, आत्म-अनुशासन, राजयोग एवं स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में बी.के. विमला दीदी, बी.के. प्रीति दीदी, बी.के. मनीषा बहन, बी.के. पुष्पा बहन, बी.के. अशोक भाटी जी, बी.के. कमलेश एवं बी.के. रमेश ने सहभागिता की। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार, शिक्षा, कार्यक्षमता एवं सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने जीवन को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाना चाहिए।

इस अवसर पर वर्द्धमान परिवार की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। वर्धमान परिवार ने कहा कि नशामुक्त भारत के संदेश को विद्यार्थियों एवं समाज तक पहुंचाने तथा युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस प्रेरणादायक पहल के लिए विद्यालय स्टाफ एवं वर्द्धमान परिवार ने ब्रह्माकुमारीज संस्था के सभी सदस्यों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए साधुवाद प्रेषित किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहना और स्वस्थ, संस्कारयुक्त एवं सकारात्मक जीवन अपनाना प्रत्येक विद्यार्थी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का संकल्प लेकर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।

कार्यक्रम सकारात्मक, प्रेरणादायक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा भी मिली।

उत्कृष्ट साहित्य सम्मान–2026 से सम्मानित हुए सैनिक कवि गणपत लाल उदय

 सैनिक सेवा के साथ साहित्य के क्षेत्र में निरंतर रचनात्मक योगदान देने वाले सैनिक कवि एवं वरिष्ठ साहित्यकार श्री गणपत लाल उदय को ABKMS Foundation द्वारा “उत्कृष्ट साहित्य सम्मान–2026” से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान “वतन के वास्ते जीना–वतन के वास्ते मरना” साझा काव्य-संकलन में उत्कृष्ट सृजन एवं रचनात्मक साहित्यिक योगदान के लिए प्रदान किया गया है।

           यह पुस्तक बुक्सक्लिनिक पब्लिशिंग, बिलासपुर (छत्तीसगढ़), भारत द्वारा प्रकाशित की गई है। प्रकाशन संस्था का मुख्य उद्देश्य लेखकों को सशक्त बनाना तथा पाठकों को प्रेरित करना है। पुस्तक में कुल 143 पृष्ठ हैं, जिसमें 70 रचनाकारों के परिचय एवं उनकी कविताओं को स्थान दिया गया है। पुस्तक का SKU कोड 2752 तथा ISBN 978-93-7254-462-6 है।
       पुस्तक का कवर डिज़ाइन आर्यन धीवर तथा आंतरिक सज्जा लव थवेट द्वारा की गई है। पुस्तक के अमेज़न एवं फ्लिपकार्ट पर उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है। बुक्सक्लिनिक पब्लिशिंग वैश्विक स्तर पर 20 लाख से अधिक पाठकों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित होने की बात कहता है। पुस्तक में व्यक्त विचार संबंधित लेखकों के निजी विचार हैं।
              पुस्तक के सफल प्रकाशन एवं विमोचन के लिए आदरणीय अरुण साव, उपमुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा हार्दिक शुभकामना संदेश पुस्तक के प्रथम पृष्ठ पर प्रकाशित किया गया है।
        सैनिक सेवा के साथ साहित्य-सृजन में सक्रिय गणपत लाल उदय देशभक्ति, सैनिक जीवन, सामाजिक सरोकार एवं मानवीय मूल्यों से जुड़े विषयों पर निरंतर लेखन करते रहे हैं। “उत्कृष्ट साहित्य सम्मान–2026” से सम्मानित होना उनके साहित्यिक एवं रचनात्मक सफर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

सैनिक कवि एवं साहित्यकार
गणपत लाल उदय अरांई, अजमेर, राजस्थान

आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करें- श्री लोकबन्धु

 जिला निर्वाचन अधिकारी ने ली चुनाव से सम्बन्धित समस्त प्रकोष्ठों की बैठक

निकाय क्षेत्र से रवाना होंगे मतदान दल, जल्द होगा रेण्डमाइजेशन

सभी अधिकारी कार्ययोजना का कैलेण्डर व चैक लिस्ट बनाएं

टेंडर प्रक्रिया निर्धारित समयावधि में पूरी करें

जोनल व एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त कर जिम्मेदारी दें


अजमेर, 20 अगस्त। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोक बन्धु ने स्थानीय निकाय चुनाव से जुड़े सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए है कि आगामी दिनों में सम्पन्न होने वाले नगरीय निकाय चुनाव में आदर्श आचार संहिता की अक्षरशः पालन सुनिश्चित की जाए। सभी प्रकोष्ठ अपने को आवंटित कार्य का कैलेंडर व चैक लिस्ट बनाएं। टेंडर की प्रक्रिया निर्धारित समयावधि में पूरी कर ली जाए। जोनल व एरिया मजिस्ट्रेटों की नियुक्त कर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोक बन्धु ने गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में चुनाव से जुड़े सभी प्रकोष्ठों के प्रभारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में अजमेर जिले के सभी निकायों में चुनाव होने हैं। सभी प्रकोष्ठ अपने से सम्बन्धित तैयारियां समय पर पूरी कर लें।

उन्होंने कहा कि सभी प्रकोष्ठ कामकाज का कैलेंडर बनाएं। चैकलिस्ट तैयार करें और टेंडर आदि प्रक्रिया करें। उन्होंने निर्वाचन शाखा को निर्देश दिए कि राज्य निर्वाचन आयोग से समन्वय, पत्राचार, मतदान केंद्रों की सूची के प्रकाशन, आश्वस्त न्यूनतम सुविधाओं के सत्यापन और चुनाव बैठकों में आयोजन का कार्य किया जाए। इसी प्रकार संस्थापन प्रकोष्ठ कार्मिकों की नियुक्ति आदेश जारी करने, मतगणना कार्मिकों की सूची पास-बैजेज प्रकोष्ठ को भेजने आदि का कार्य करे।

ईवीएम एवं मतपेटी प्रकोष्ठ ईवीएम/मतपेटियों की प्राप्ति, प्रथम स्तरीय जांच, रेंडमाइजेशन, मास्टर डेटा अपडेट, तैयारी, वितरण और संग्रहण सुनिश्चित करेगा। इसी प्रकार जिला निर्वाचन स्टोर प्रकोष्ठ सामग्री के रिकॉर्ड संधारण, वितरण तथा सेक्टर मजिस्ट्रेटों व मतदान दलों को सामग्री आवंटन का कार्य संभालेंगे।

इसी प्रकार शिकायत निवारण व मतदाता हेल्पलाइन (नियंत्रण कक्ष) प्रकोष्ठ द्वारा चौबीसों घंटे नियंत्रण कक्ष का संचालन, डाक प्राप्ति, चुनाव दिवस की सूचना संकलन, शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण और वीडियोग्राफी समन्वय का कार्य किया जाएगा। आदर्श आचार संहिता प्रकोष्ठ द्वारा आचार संहिता की दैनिक मॉनिटरिंग, बैठकों के आयोजन, उल्लंघन शिकायतों के कंप्यूटर इंद्राज और राज्य निर्वाचन आयोग को दैनिक रिपोर्ट प्रेषण का कार्य किया जाएगा।

उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान एवं मतगणना दल गठन प्रकोष्ठ द्वारा मतदान, होम वोटिंग, सुविधा केंद्र व मतगणना दलों के रेंडमाइजेशन, फोटोयुक्त पहचान पत्र निर्माण तथा समय पर रवानगी का कार्य किया जाएगा। इसी प्रकार कानून व्यवस्था, सिक्योरिटी प्लान प्रकोष्ठ द्वारा एरिया व जोनल मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति, संवेदनशील बूथों का चिन्हीकरण, कार्यपालक दण्डनायक शक्तियों का आवंटन, डिस्ट्रिक्ट सिक्योरिटी डिप्लॉयमेंट प्लान तैयार करने और लाइसेंसी हथियार जमा कराने की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने लेखा एवं निविदा प्रकोष्ठ, मतदान सामग्री प्रकोष्ठ, अल्पाहार व भोजन एवं रसद व्यवस्था प्रकोष्ठ, अभ्यर्थियों का निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण प्रकोष्ठ, सरकारी एवं निजी वाहन अधिग्रहण एवं यातायात व्यवस्था प्रकोष्ठ, सामान्य व्यवस्था प्रकोष्ठ, मतगणना स्थल चयन, स्ट्रॉन्ग रूम व व्यवस्था प्रकोष्ठ, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ, मतपत्र एवं मुद्रण प्रकोष्ठ, डाक मतपत्र एवं ईडीसी प्रकोष्ठ, चुनाव पर्यवेक्षक प्रकोष्ठ, सांख्यिकी प्रकोष्ठ, मीडिया एवं निर्वाचन निर्देशिका मुद्रण प्रकोष्ठ, कंप्यूटर, साइबर सिक्योरिटी एवं आई.टी. प्रकोष्ठ, भुगतान (भत्ता व वाहन किराया) प्रकोष्ठ, तकनीकी उपकरणों की व्यवस्था प्रकोष्ठ, पास-बैजेज, आवास एवं साफ-सफाई प्रकोष्ठ, एकल खिड़की प्रकोष्ठ, स्वीप प्रकोष्ठ, मतदाता सूची एवं रूट चार्ट प्रकोष्ठ, कार्मिक कल्याण प्रकोष्ठ, विशेष योग्यजन प्रकोष्ठ, पंचायत क्षेत्र स्तर व्यवस्था व एआरओ संबंधी कार्य प्रकोष्ठ को निर्देश दिए कि वे अपने से सम्बन्धित प्रकोष्ठ का कार्य समय पर सम्पादित करें।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री हर्षवर्धन अगरवाला, जिला परिषद के सीईओ श्री राम प्रकाश, उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के अधिकारी उपस्थित रहे।

*अजमेर मंडल पर कैटरिंग स्टालों एवं ट्रॉलियों के सघन निरीक्षण हेतु 15 दिवसीय विशेष जांच अभियान शुरू*

  रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशानुसार उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं अधिकृत खानपान सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज, 20 अगस्त 2026 से 03 सितंबर 2026 तक 15 दिवसीय विशेष जांच अभियान शुरू किया गया है।


वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री मिहिर देव के अनुसार इस अभियान के तहत खानपान निरीक्षकों तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधकों की टीम तैनात कर सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं।

विशेष जांच अभियान के दौरान स्टेशनों पर स्थित कैटरिंग स्टालों व ट्रॉलियों में खानपान से सम्बंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की विशेष जांच की जाएगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि अनाधिकृत सामग्री की बिक्री तो नही हो रही है।केवल रेलवे द्वारा स्वीकृत एवं अधिकृत पानी की बोतलें तथा पैकेज्ड फूड आइटम्स बेचे जाएं।
स्वच्छता एवं हाइजीन को जांचा जाएगा। स्टालों और ट्रॉलियों की बनावट, साफ-सफाई एवं स्वच्छता का उच्च स्तर सुनिश्चित किया जाएगा।स् टालों पर इलेक्ट्रिकल फिटिंग्स और सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी।स्टाल व ट्रॉली के आसपास कार्टन या अतिरिक्त सामान रखकर किए गए अनधिकृत कब्जे को तुरंत हटाया जाएगा। सभी वेंडरों/विक्रेताओं के पास वैध और अपडेटेड QR-कोड आधारित आईडी कार्ड होना अनिवार्य है। एक्सपायर्ड (समय-सीमा समाप्त) खाद्य सामग्री बेचने और निर्धारित दर से अधिक मूल्य वसूलने (ओवरचार्जिंग) पर सख्त मनाही व कार्रवाई की जाएगी। स्टाल पर वैध एग्रीमेंट और ग्राहकों को देने के लिए बिल बुक उपलब्ध होनी चाहिए।लाइसेंस फीस और एमईआरएस भुगतान अप-टू-डेट होना अनिवार्य है। विक्रेता निर्धारित एवं साफ-सुथरी यूनिफॉर्म में हों तथा व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखें। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों और की गई कार्यवाहियों की रीयल-टाइम ट्रैकिंग हेतु ऑनलाइन व्यवस्था की गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अनियमितता पाए जाने पर तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई  करें।

*मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक, अजमेर*

डीएसपी एसेट मैनेजर्स ने कोमल नारंग को वितरण प्रमुख बनाया

 


मुंबई, 20 अगस्त, 2026- डीएसपी एसेट मैनेजर्स प्राइवेट लिमिटेड (डीएसपीएएम) ने आज  कोमल नारंग को वितरण प्रमुख नियुक्त करने की घोषणा की। वे उषा नायर का स्थान लेंगी। नायर डीएसपी से रिटायर हो रही हैं। नई भूमिका में कोमल डीएसपीएएम की वितरण रणनीति का नेतृत्व करेंगी। कंपनी का लक्ष्य वितरण भागीदारों के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करना और देशभर के निवेशकों तक अपने निवेश सॉल्यूशन की पहुंच बढ़ाना है।

कोमल को वित्तीय सेवा क्षेत्र में दो दशक से अधिक का अनुभव है। उन्हें वितरण, सेल्स नेतृत्व, कस्टमर एंगेजमेंट और बिजनेस डेवलपमेंट का व्यापक अनुभव है। वह जियोब्लैकरॉक म्यूचुअल फंड से डीएसपीएएम में आईं हैं। जियोब्लैकरॉक में वह चीफ क्लाइंट ऑफिसर के रूप में कार्यरत थीं। वहां उन्होंने सेल्स, मार्केटिंग और डिजिटल पहलों का नेतृत्व किया।

जियोब्लैकरॉक से पहले कोमल करीब 10 साल आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एसेट मैनेजमेंट में रहीं। इस दौरान उन्होंने ग्राहक जुड़ाव और कारोबार विकास से जुड़े सीनियर लीडरशिप के पदों पर काम किया। उनका सबसे अंतिम अहम रोल हेड (कस्टमर एंगेजमेंट)  था। इस भूमिका में रहते हुए उन्होंने एएमसी के बी2सी कारोबार का करोबार बनाया और इसकी प्रमुख रहीं। इससे पहले उन्होंने हेड (बिजनेस डेवलपमेंट) की भूमिका में रहते हुए वितरण कारोबार को संगठित किया। 

अपने करियर के शुरुआती दौर में कोमल आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस में सेल्स और वितरण से जुड़े लीडरशिप वाले पदों पर रहीं। वे कोटक लाइफ इंश्योरेंस और इंडियाबुल्स में भी काम कर चुकी हैं। 

डीएसपीएएम में कोमल सभी चैनलों, रणनीतिक गठजोड़ और वितरण मार्केटिंग से जुड़ी कंपनी की वितरण रणनीति को लीड करेंगी। उनका ध्यान पूरे वितरण तंत्र में भागीदारियों को मजबूत करने और निवेशकों के साथ जुड़ाव बढ़ाने पर रहेगा। इसके साथ वे डीएसपी की देशभर में मौजूदगी बढ़ाने की रणनीति के तहत  वितरण नेटवर्क को और मजबूत करने पर काम करेंगी।

डीएसपी एसेट मैनेजर्स के एमडी और सीईओ कल्पेन पारेख ने कहा, “वितरण हमारे लिए केवल विकास का माध्यम नहीं है। यह भागीदारों के साथ दीर्घकालिक संबंधों के जरिए निवेशकों का भरोसा कायम रखने का तरीका है। जैसे-जैसे निवेशकों की जरूरतें बदल रही हैं, वैसे-वैसे हमें अपने वितरण तंत्र को समर्थन देने और उसके साथ जुड़ने के तरीके भी बदलने होंगे। हमारा ‘डिस्ट्रीब्यूटर सक्सेस फ्रेमवर्क’ केवल संवाद और अभियानों तक सीमित नहीं है। इस पहल के माध्यम से हम व्यावहारिक ग्रोथ मार्केटिंग फ्रेमवर्क साझा करते हैं, जो हमारे भागीदारों को वास्तविक कारोबारी चुनौतियों से निपटने और अपने कारोबार को बढ़ाने में मदद करते हैं। यह एक सरल विश्वास पर आधारित है, जब हम वितरकों को मजबूत कारोबार खड़ा करने में मदद करते हैं, तो हम अधिक मजबूत और लंबे समय तक चलने वाली साझेदारी बनाते हैं। कोमल को वितरण, कस्टमर एंगेजमेंट और कारोबार विकास का गहरा अनुभव है। हमें उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में हम इस दृष्टिकोण को देशभर के और अधिक भागीदारों तक पहुंचाएंगे।”

डीएसपी एसेट मैनेजर्स की वितरण प्रमुख कोमल नारंग ने कहा, “डीएसपी की दीर्घकालिक और निवेशक-केंद्रित सोच मेरे विचारों से पूरी तरह मेल खाती है। निवेशकों को उनके वित्तीय लक्ष्य हासिल करने में मदद करने में वितरण भागीदारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मेरा मानना है कि हमारी भूमिका केवल निवेश समाधान उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। इसमें अपने निवेश संबंधी विचारों, विशेषज्ञता और निवेशकों की जरूरतों की समझ के माध्यम से हमारे भागीदारों को सार्थक मूल्य देना भी शामिल है। मैं अपने वितरण भागीदारों के साथ मिलकर संबंधों को और मजबूत करने, निवेश समाधानों की पहुंच बढ़ाने और निवेशकों के लिए लगातार बेहतर गुणवत्ता वाला अनुभव तैयार करने को लेकर उत्साहित हूं। डीएसपी की विकास यात्रा के इस महत्वपूर्ण दौर में इससे जुड़कर और अधिक मजबूत वितरण मंच तैयार करने में योगदान देने को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं।”