21 मई से शांतिपूर्ण कार्य बहिष्कार की चेतावनी
आगरा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों को पिछले दो माह से वेतन न मिलने के विरोध में बुधवार को आई0आर0एल0, एस0टी0डी0सी0 आगरा में कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कार्य करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया और शीघ्र वेतन भुगतान की मांग उठाई।
कर्मचारियों का कहना है कि लगातार दो माह से वेतन न मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की फीस, बैंक किस्तों एवं दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि एनएचएम कर्मी स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, इसके बावजूद समय पर वेतन न मिलना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। कर्मचारियों ने शासन एवं विभागीय अधिकारियों से जल्द लंबित वेतन जारी करने की मांग की। साथ ही कर्मचारियों ने समान कार्य समान वेतन, महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता, ग्रेच्युटी, दीनदयाल कैशलेस योजना/आयुष्मान कार्ड की सुविधा, अर्जित अवकाश एवं रिस्क अलाउंस जैसी लंबित मांगों को भी लागू किए जाने की मांग उठाई।
इसी क्रम में कर्मचारियों ने बताया कि वेतन भुगतान न होने के कारण यूनियन के आह्वान पर 21 मई 2026 से शांतिपूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक लंबित वेतन का भुगतान नहीं किया जाता और कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस सांकेतिक विरोध में संस्थान में कार्यरत डॉ. संजीव कुमार माहेश्वरी, डॉ. अविजित कुमार अवस्थी, डॉ. ब्रह्मानंद राजपूत, दामोदर सिंह, विशाल सक्सेना, पवन कुमार, गजेन्द्र बंसल, पंकज कुमार, उबैश, अंजली, मैसर खान, योगेन्द्र कुमार, वर्षा, राजेश एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें