महार्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में 21 जून तक चलेगा विशेष योग शिविर
“स्वस्थ तन • शांत मन • जागृत चेतना” के संदेश के साथ योग जागरूकता अभियान का शुभारम्भ
अजमेर, 20 मई 2026
महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर द्वारा आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2026 के उपलक्ष्य में विशेष योग शिविर एवं योग जागरूकता अभियान का शुभारम्भ किया जा रहा है। विश्वविद्यालय के योग विज्ञान एवं मानवीय चेतना विभाग के तत्वावधान में आयोजित यह योग शिविर प्रतिदिन प्रातः आयोजित होगा, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों तथा आमजन को योग एवं स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
विश्वविद्यालय परिसर स्थित पतंजलि भवन, योग विभाग में प्रारम्भ होने वाले इस योग शिविर का शुभारम्भ 21 मई 2026 से किया जाएगा। शिविर प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से 7:00 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम कुलगुरु प्रो सुरेश कुमार अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में सम्पन्न होगा।
कुलसचिव ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और स्वस्थ जीवन पद्धति का वैश्विक उत्सव है। योग आज सम्पूर्ण विश्व में शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन का प्रभावी माध्यम बन चुका है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों एवं समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यह विशेष अभियान प्रारम्भ किया जा रहा है। योग शिविर में प्राणायाम, ध्यान, सूर्य नमस्कार, विभिन्न योगासन एवं तनाव प्रबंधन से संबंधित अभ्यास करवाए जाएंगे। विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक पक्षों की जानकारी भी प्रदान की जाएगी। विश्वविद्यालय का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्त, तनावमुक्त एवं सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है। शिविर में भाग लेने हेतु विश्वविद्यालय परिवार सहित शहरवासी भी आमंत्रित हैं। इच्छुक प्रतिभागी निर्धारित समय पर योग विभाग पहुँचकर शिविर का लाभ ले सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अधिकाधिक लोगों से इस योग अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि —“योग अपनाएँ — स्वास्थ्य एवं संतुलित जीवन पाएँ”

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें