जिला कलक्टर ने सुनी आमजन की समस्याएं, परिवादों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
अजमेर, 21 मई। जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित डीओआईटी वीसी रूम में जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु की अध्यक्षता में हुआ। जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में कुल 95 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें सड़कों की मरम्मत, खातेदारी एवं चरागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने, आम रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने, पाइपलाइन कार्य से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, राशन कार्ड की केवाईसी एवं परिवार विवरण अपडेट कराने, पेयजल पाइपलाइन, पेंशन स्वीकृति, जनआधार अद्यतन, प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित करने तथा नाले-नालियों की सफाई जैसे विभिन्न मुद्दों से संबंधित परिवाद शामिल रहे। जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश प्रदान किए।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने कहा कि ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए पेयजल समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए। उन्होंने निर्धारित अंतराल पर पेयजल सप्लाई सुनिश्चित करने, पाइपलाइन लीकेज की त्वरित मरम्मत करने तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त पानी के टैंकरों से पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने संपर्क पोर्टल, मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल एवं जिला स्तरीय जनसुनवाई में लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिला स्तरीय अधिकारी स्वयं विभागीय परिवादों के निस्तारण की मॉनिटरिंग करें। विशेष रूप से 90 दिवस से अधिक लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान कर जिले के औसत निस्तारण समय में कमी लाने को निर्देशित किया।
श्री लोक बन्धु ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जनसुनवाई के लिए त्रिस्तरीय व्यवस्था लागू की गई है। इसके अंतर्गत माह के प्रथम गुरुवार को ग्राम पंचायत स्तर, द्वितीय गुरुवार को उपखण्ड स्तर तथा तृतीय गुरुवार को जिला स्तर पर जनसुनवाई आयोजित की जाती है। इसी क्रम में मई माह के तृतीय गुरुवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित हुई। प्राप्त सभी प्रकरणों को निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को अग्रेषित किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों पर की गई कार्यवाही से साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अवगत कराया जाए।
इस अवसर पर अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त श्रीमती नित्या के, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रामप्रकाश, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्रीमती वंदना खोरवाल एवं श्री नरेंद्र कुमार मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हिमांशु जांगिड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें