*प्रबन्ध निदेशक ने स्टाफ से की नियमित जल सेवा की अपील*
अजमेर, 21 मई। भीषण गर्मी के इस मौसम में मूक पक्षियों को राहत देने और उनके लिए दाने-पानी की व्यवस्था करने के उद्देश्य से अजमेर सैन्ट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के प्रधान कार्यालय परिसर में एक सराहनीय पहल की गई है। बैंक के प्रधान कार्यालय में पक्षियों के लिए पानी पीने के परिंडे और दाने के चुग्गा पात्र बांधे गए हैं। इस मानवीय अभियान की शुरुआत स्वयं बैंक प्रबंधन की मौजूदगी में परिसर के विभिन्न वृक्षों और उपयुक्त स्थानों पर परिंडे लगाकर की गई।
बैंक के प्रबन्ध निदेशक श्री हरीश सिवासिया ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि बढ़ते तापमान को देखते हुए बेजुबान पक्षियों को पानी के लिए भटकना न पड़े, इसलिए बैंक परिसर में यह व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने इस अवसर पर बैंक के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भावुक अपील की कि वे कार्यालय, अपने-अपने आवासीय क्षेत्रों और घरों के आसपास भी अधिक से अधिक परिंडे बांधें। प्रबन्ध निदेशक ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि परिंडों में नियमित रूप से स्वच्छ पानी भरना और दाने की निरंतर व्यवस्था बनाए रखना भी हमारी जिम्मेदारी है।
इस सेवाभावी कार्यक्रम के दौरान प्रबन्ध निदेशक के साथ बैंक के कई वरिष्ठ अधिकारी भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे। इनमें विकास प्रबन्धक श्रीमती निवेदिता, प्रशासन प्रबन्धक श्री मनीष अग्रवाल, परिचालन प्रबन्धक श्री मुकेश शर्मा एवं श्री शशि कुमार सिंह शामिल थे। इन्होंने इस पुनीत कार्य में अपना सहयोग प्रदान किया। बैंक प्रशासन द्वारा इस पहल के माध्यम से समाज में पर्यावरण और जीव संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें