गुरुवार, 21 मई 2026

मानदेय भुगतान न होने पर एनएचएम कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार शुरू, “दाम नहीं तो काम नहीं” के लगे नारे

 

आगरा। आगरा में प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों जैसे जिला अस्पताल, जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सैकड़ों राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारियों द्वारा बुधवार से कार्य बहिष्कार शुरू किया गया। इसी क्रम में आगरा के आईआरएल, एसटीडीसी में भी कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। कर्मचारियों द्वारा लंबित मानदेय भुगतान की मांग को लेकर यह कदम उठाया गया है।

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के दामोदर सिंह ने बताया कि कर्मचारियों का पिछले तीन माह से मानदेय लंबित है, जिसके कारण उन्हें गंभीर आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने “दाम नहीं तो काम नहीं” के नारे के साथ कार्य बहिष्कार शुरू किया है। उन्होंने कहा कि जब तक कर्मचारियों के खातों में लंबित मानदेय, इन्क्रीमेंट एवं लॉयल्टी बोनस जमा नहीं हो जाता, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।

संघ के विशाल सक्सेना ने बताया कि पिछले दो महीने से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों के सामने परिवार का पालन-पोषण करना कठिन हो गया है। बच्चों की पढ़ाई, घरेलू खर्च एवं अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि कई बार उच्च अधिकारियों से वेतन भुगतान की मांग की जा चुकी है, लेकिन अभी तक किसी स्तर पर समाधान नहीं हो सका है।

कर्मचारियों ने कहा कि वे स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहे हैं, लेकिन समय पर वेतन न मिलना कर्मचारियों के साथ अन्याय है। कर्मचारियों ने शासन से जल्द लंबित भुगतान जारी करने तथा इन्क्रीमेंट, लॉयल्टी बोनस, समान कार्य समान वेतन, डीए, एचआरए, ग्रेच्युटी, अर्जित अवकाश, रिस्क अलाउंस एवं आयुष्मान/दीनदयाल कैशलेस योजना जैसी मांगों पर भी सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।

कार्य बहिष्कार में डॉ. संजीव कुमार माहेश्वरी, डॉ. अविजित कुमार अवस्थी, डॉ. ब्रह्मानंद राजपूत, दामोदर सिंह, विशाल सक्सेना, पवन कुमार, गजेन्द्र बंसल, पंकज कुमार, उबैश, अंजली, मैसर, योगेन्द्र, शिव कुमार, राजेश, शिवोम, प्रीति, अभिषेक सहित सभी एनएचएम व आउटसोर्सिंग कर्मचारी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें