गुरुवार, 21 मई 2026

विकास की नई सौगात- जनता कॉलोनी एवं खरेखड़ी को मिले सामुदायिक भवन

 विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने किया लोकार्पण

अजमेर स्वच्छ, श्रेष्ठ एवं आधुनिक शहर के रूप में उभरेगा- श्री देवनानी

     

अजमेर, 21 मई। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को वार्ड 77 स्थित जनता कॉलोनी में नगर निगम द्वारा 25 लाख रुपए की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही ग्राम खरेखड़ी में विधायक कोष से निर्मित 16.65 लाख रुपए की लागत के सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की सौगात दी।

     जनता कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने कहा कि नगर निगम द्वारा निर्मित यह सामुदायिक भवन क्षेत्रवासियों के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से उनका आत्मीय जुड़ाव रहा है तथा बीते दो वर्षों में वार्ड एवं आसपास के क्षेत्रों में लगभग 6.5 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए गए हैं।

     उन्होंने कहा कि बालाजी नगर से झूलेलाल कॉलोनी तथा भास्कर कार्यालय से मुख्य मार्ग तक सड़क निर्माण सहित अनेक सड़कों का निर्माण कराया गया है। वैशाली नगर क्षेत्र में लगभग सभी सड़कें पक्की की जा चुकी हैं तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।

     विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि नव अजमेर के निर्माण की दिशा में अनेक महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। अजमेर प्रवेश मार्ग पर 8 करोड़ रुपए से अधिक लागत से सौंदयकरण कार्य किए जा रहे हैं। इससे शहर में प्रवेश करते ही आगंतुकों को सुखद अनुभव प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि आईटी पार्क के लिए बड़ी कंपनियों द्वारा प्लॉट्स के लिए आवेदन किए जा रहे हैं। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

     उन्होंने कहा कि शनिवार को लगभग 34 करोड़ रुपए लागत के कन्वेंशन सेंटर का शिलान्यास किया जाएगा। इसके निर्माण से बड़े स्तर के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। साथ ही राज्य एवं जिला स्तरीय कार्यक्रमों तथा राष्ट्रीय पर्वों के आयोजन के लिए आधुनिक स्टेडियम विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

     श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर को सुंदर, स्वच्छ एवं श्रेष्ठ शहर बनाने के लिए सभी नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है। व्यापारियों एवं आमजन से उन्होंने अपने बाजारों एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हाथीखेड़ा में सैनिक स्कूल का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त आगामी समय में वरुण सागर झील में वरुण देव की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

     इस अवसर पर उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ का उल्लेख करते हुए वीर सैनिकों को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की सेना पर प्रत्येक नागरिक को गर्व होना चाहिए। स्वदेशी तकनीक एवं हथियारों के माध्यम से देश आत्मनिर्भर एवं मजबूत बन रहा है।

     इसी क्रम में विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने ग्राम खरेखड़ी में विधायक कोष से निर्मित 16.65 लाख रुपए लागत के सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया।

     उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। खरेखड़ी ग्राम में पूर्व में सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, विद्युत सुधार एवं सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार के कार्य कराए गए हैं। इससे ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

     उन्होंने कहा कि गांवों का समग्र विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक गतिविधियों के लिए सामुदायिक भवन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

     इस अवसर पर पार्षद श्रीमती रूबी जैन, श्री रमेश चेलानी, मंडल अध्यक्ष श्री विक्रम सिंह, श्री विकास लालवानी, श्री प्रदीप अजवानी, श्री राजेंद्र लालवानी, श्री दयाल प्रियानी, श्री प्रकाश जेठड़ा श्री हनुमान महाराज, श्री पांचू सिंह, श्री साजन सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें