गुरुवार, 21 मई 2026

मित्तल हॉस्पिटल में किडनी व कैंसर जागरूकता कार्यशाला आयोजित

 सीजीएचएस जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत विशेषज्ञों ने दी स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी


अजमेर, 21 मई। मित्तल हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेन्टर एवं केन्द्र सरकार पेंशनर्स एसोसिएशन राजस्थान — ईकाई अजमेर जिला के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को सीजीएचएस जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत किडनी एवं कैंसर रोग जागरूकता कार्यशाला का आयोजन मित्तल हॉस्पिटल के सभागार में बी के सांवरिया की अध्यक्षता में किया गया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में पेंशनर्स, चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोग, विभिन्न अस्पतालों के प्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अजमेर, ब्यावर, मदनगंज—किशनगढ़ से आए लगभग 100 से अधिक सीजीएचएस लाभार्थी एवं सीजीएचएस पैनलबद्ध अस्पतालों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया एवं स्वास्थ्य तथा सीजीएचएस संबंधी जानकारियां प्राप्त की।

अजमेर ईकाई की तरफ से जे पी गुडेश्वर महासचिव सीजीपीए ने अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत उद्बोधन दिया।

कार्यशाला में गुर्दा रोग एवं किडनी ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ डॉ. चक्रपाणि मित्तल ने कहा कि बदलती जीवनशैली, अनियमित खानपान, मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप के कारण किडनी रोगों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने किडनी रोगों के प्रारम्भिक लक्षणों, बचाव, डायलिसिस एवं किडनी ट्रांसप्लांट से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।

वहीं कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. रजत चौधरी ने कैंसर रोग के कारणों, बचाव एवं आधुनिक उपचार पद्धतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कैंसर को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना आवश्यक है, क्योंकि समय पर पहचान एवं उचित उपचार से इस बीमारी पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने तंबाकू सेवन, प्रदूषण एवं अनियमित दिनचर्या को कैंसर के प्रमुख कारण बताते हुए लोगों से सतर्क रहने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में रेडिएशन आन्कोलॉजिस्ट डॉ. आयुषी पाटनी भी उपस्थित रहीं।

कार्यशाला के दौरान उपस्थितजनों ने स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समाधान किया। कार्यक्रम का संचालन सीजीएचएस उपाध्यक्ष बी एल बारोलिया ने किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य किडनी एवं कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति आमजन को जागरूक करना तथा समय पर जांच एवं उपचार के महत्व को रेखांकित करना रहा। इसके साथ ही सीजीएचएस जागरूकता कार्यक्रम के तहत सीजीएचएस उपाध्यक्ष बी एल बारोलिया ने नवीनतम सीजीएचएस नियमों, डिजिटल अपडेट्स, सीजीएचएस इम्पेनल्ड हॉस्पिटल की सुविधाओं की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी गई। कार्यक्रम में उपस्थितजनों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे संवाद का अवसर भी प्राप्त हुआ।

कार्यशाला में वरिष्ठ प्रबंधक युवराज पाराशर व अमित मित्तल सहित सीजीएचएस पेंशनर्स एसोसिएशन राजस्थान ईकाई अजमेर जिला के अनेक पेंशनर्स एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने भविष्य में भी जनस्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर इस प्रकार की जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित करते रहने की बात कही।

कार्यक्रम के अंत में बी के सांवरिया ने आज के सफल कार्यक्रम आयोजन पर सभी चिकित्सकों, प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। अंत में राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें