रविवार, 13 नवंबर 2011

भाजपा की सरकार आई तो मुख्यमंत्री वसुंधरा ही होंगी


पूर्व उप प्रधानमंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने अजमेर में अपनी आमसभा में पूरी तरह से साफ कर दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सत्ता में आई तो पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ही मुख्यमंत्री होंगी।
असल में ऐसा उन्होंने ऐसा जानबूझ कर किया या संयोगवश हो गया, इसका पता नहीं, मगर उन्होंने साफ संकेत दे दिया कि राजस्थान की जनता उन्हें ही मुख्यमंत्री के रूप में देखती है, इस कारण भाजपा भी मुख्यमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट करेगी। हुआ यूं कि वे अपने संबोधन के दौरान श्रीमती राजे को मुख्यमंत्री कह बैठे। तुरंत उन्हें लगा कि वे गलत बोल गए हैं, और उनकी जुबान फिसल गई है, उन्होंने बात को संभाला। पहले तो अपने संबोधन को दुरुस्त किया और फिर तुरंत बोले के आप भले ही मुख्यमंत्री नहीं हैं, मगर राजस्थान की जनता आज भी आपको मुख्यमंत्री के रूप में ही देखती हैं। इसका साफ-साफ अर्थ निकाला गया कि कम से कम आडवाणी की ओर से उनके नाम पर मुहर लगी ही हुई है। हालांकि वहां बैठे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी अथवा वसुंधरा विरोधियों के सीने पर सांप लौट गए होंगे, मगर वे कर भी क्या सकते थे।
कुल मिला कर इस सभा से यह साफ हो गया कि भाजपा एक ओर जहां आडवाणी को प्रधानमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट करने जा रही है, वहीं आगामी विधानसभा चुनाव वसुंधरा के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। सभा के बाद वसुंधरा लॉबी के विधानसभा चुनाव के दावेदारों में इसकी खुशी साफ देखी जा सकती थी। वे बढ़-चढ़ कर उनके इर्द-गिर्द मंडराते हुए नजर आए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें