शुक्रवार, 8 फ़रवरी 2019

भाजपा में होता है नेता को उसकी हैसियत दिखाने काम

लोकसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में गत चार फरवरी को संसदीय क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान हुए एक वाकये ने एक बार फिर से यह साबित कर दिया है कि भाजपा में नेता की निजी कोई हैसियत नहीं होती। होती भी है तो उसे नकार दिया जाता है। असल में उसके पीछे सोच यही है कि नेता अपने आप में कुछ नहीं होता। जो कुछ होता है वह संगठन के दम पर होता है।
हुआ यूं कि जब पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी को मंच पर नहीं बैठाया तो उन्होंने अपनी आपत्ति दर्ज करवाई। उनका तर्क था कि वे तीन लोकसभा क्षेत्रों के प्रभारी हैं और अजमेर में चौथी बार विधानसभा का चुनाव जीते हैं। मगर हाल ही शहर जिला भाजपा के अध्यक्ष बने शिव शंकर हेडा ने उनके तर्क को यह कह कर नकार दिया कि हाईकमान के निर्देशों के तहत उन्हें मंच पर नहीं बैठाया जा सकता। इस बारे में कुछ लोगों का मानना है कि अगर देवनानी को मंच पर बैठाया जाता तो भी कोई पहाड़ नहीं टूटने वाला था, मगर हेडा ने प्रदेश के निर्देशों की आड़ में देवनानी को उनकी हैसियत दिखाने की कोशिश की। दोनों के बीच नाइत्तफाकी सर्वविदित ही है।
खैर, बात भाजपा की रवायत की। इस संगठन में किसी भी नेता की हैसियत संगठन ही तय करता है। लाल कृष्ण आडवाणी के इसके सबसे बड़े उदाहरण हैं। जिसने पूरी जिंदगी संगठन को सौंप दी और संगठन को फर्श से अर्श तक लाए, आज उसे हाशिये पर धकेल दिया गया है। ऐसा ही भूतपूर्व उपराष्ट्रपति व भूतपूर्व मुख्यमंत्री भैरोंसिंह शेखावत के साथ हुआ। कभी राजस्थान के एक ही सिंह कहलाने वाले शेखावत जब उपराष्ट्रपति पद से रिटायर हो कर राजस्थान लौटे तो उनकी जमीन खिसका दी गई। वसुंधरा का खौफ इतना था कि भाजपा नेता उनका औपचारिक स्वागत करते तक से कतराते थे। बात अगर स्थानीय स्तर की करें तो पांच बार सांसद रहे प्रो. रासासिंह रावत, पूर्व विधायक नवलराय बच्चानी, पूर्व विधायक हरीश झामनानी की आज क्या हालत है, किसी से छिपी नहीं है।

विष्णु मोदी होंगे कांग्रेस टिकट के प्रबल दावेदार?

कानाफूसी है कि आगामी लोकसभा चुनाव में अजमेर सीट के लिए पूर्व सांसद विष्णु मोदी कांग्रेस टिकट के प्रबल दावेदार होंगे। यूं तो अजमेर  लोकसभा क्षेत्र जाट बहुल होने के कारण अजमेर डेयरी चेयरमैन रामचंद्र चौधरी की ही प्रबल दावेदारी मानी जा रही है, मगर वेश्य समाज को राजी करने के लिए मोदी पर भी विचार हो सकता है।
ज्ञातव्य है कि मोदी इससे पूर्व मसूदा से भाजपा के विधायक रह चुके हैं। वे चुनाव मैनेजमेंट में माहिर माने जाते हैं, अर्थात इतने सिद्धहस्त हैं कि हारी हुई बाजी भी जीतने का माद्दा रखते हैं। यद्यपि उन्होंने खुल कर दावेदारी नहीं की है, मगर राजनीति के गलियारे से आ रही हवाएं ये पैगाम ला रही हैं कि वे टिकट के लिए पूरी ताकत लगाने वाले हैं। यहां यह बताना भी प्रासंगिक होगा कि वे हाल ही संपन्न विधानसभा चुनाव में भी ब्यावर सीट के दावेदार माने जा रहे थे।