शुक्रवार, 9 जून 2017

कुछ खास उत्साह नजर नहीं आया मनोनीत पार्षदों के शपथ ग्रहण में

लंबी प्रतीक्षा के बाद अजमेर नगर निगम में मनोनीत छह पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में कुछ खास उत्साह नजर नहीं आया। हालांकि शपथ ग्रहण संक्षिप्त और सादा सा था, मगर भाजपा पार्टी कार्यकर्ताओं में जैसा उत्साह नजर आना चाहिए था, वैसा कुछ नजर नहीं आया। कुल जमा डेढ़ सौ से ज्यादा की भीड़ नहीं थी। नारेबाजी भी फीकी ही थी। अधिसंख्य पार्टी पदाधिकारी इस मौके पर मौजूद नहीं थे। कुछ एक पार्षदों के अतिरिक्त मनोनीत पार्षदों के व्यक्तिगत समर्थक ही आए। गिनाने लायक नाम शिक्षा राज्य मंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी, नगर निगम महापौर धर्मेन्द्र गहलोत, उपमहापौर संपत सांखला, पार्षद नीरज जैन, जे. के. शर्मा, भागीरथ जोशी, जिला महामंत्री रमेश सोनी, जयकिशन पारवानी, महेंद्र जादम, अनीश मोयल, चन्द्रेश सांखला, संदीप गोयल, राजू साहू, महेंद्र जैन मित्तल, धर्मेंद्र शर्मा, रचित कच्छावा, अनिल नरवाल, मोहन ललवानी, रंजन शर्मा, दुर्गाप्रसाद शर्मा, प्रकाश बंसल, अमित यादव आदि महेन्द्र जादम इत्यादि थे। चूंकि महिला व बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती अनिता भदेल बाहर हैं, इस कारण उनकी अनुपस्थिति रही। देवनानी समय पर आ गए, मगर मनोनीत पार्षद एक-एक करके आए। शहर अध्यक्ष यादव को विलंब हो गया। देवनानी ने उनका इंताजार करने को कहा। उनके आने के बाद मनोनीति पार्षदों को शपथ दिलवाई गई।
असल में मनोनीत पार्षदों में भी कुछ खास खुशी इस कारण भी नहीं थी कि लंबे इंतजार के बाद उनके नामों की घोषणा हुई। नामों की सूची छह माह पहले ही सरकार को भेजी जा चुकी थी। नाम भी फाइनल ही थे, मगर किसी न किसी कारण से घोषणा अटकी हुई थी। अब उनके पास काम करने को तकरीबन डेढ़ साल ही बचा है। अगर विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा सरकार रिपीट हुई तो संभव है उन्हें तीन साल का कार्यकाल पूरा करने का मौका मिल जाए। अगर कांग्रेस सरकार आई तो निर्वाचित निगम बोर्ड तो यथावत रह जाएगा, मगर मनोनीत पार्षदों को हटा दिया जाएगा।
ज्ञातव्य है कि मनोनीत पार्षदों में तीन प्रो. देवनानी व तीन श्रीमती अनिता भदेल की सिफारिश पर नियुक्त हुए हैं। देवनानी खेमे के बलराम हरलानी, सुरेश गोयल व धर्मेन्द्र चौहान और श्रीमती अनिता भदेल की अनुशंसा पर सोहनलाल शर्मा, मोहन राजोरिया व राजेश घाटे को मनोनीत पार्षद बनाया गया है।
यहां बता दें कि शहर की प्रतिष्ठित फर्म दुर्गा ऑयल मिल के प्रोपराइटर बलराम हरलानी कृषि उपज मंडी समिति (अनाज) के उपाध्यक्ष रहे हैं और वर्तमान में डायरेक्टर हैं। वे शहर भाजपा पुरुषार्थी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष एवं बैंकिंग प्रकोष्ठ के संयोजक भी रहे हैं। हालांकि अजमेर उत्तर में देवनानी की दावेदारी के रहते अथवा उनके इशारे के बिना कभी अजमेर उत्तर से टिकट की दावेदारी नहीं करेंगे, मगर आने वाले समय के लिए तैयार हो रही खेप के चुनिंदा लोगों में जरूर शामिल हो गए हैं। अजमेर विद्युत वितरण निगम से सेवानिवृत्त सुरेश गोयल भाजपा के मीडिया प्रकोष्ठ संयोजक स्वर्गीय शरद गोयल के पिता हैं। धर्मेंद्र चौहान भाजपा खनन प्रकोष्ठ के संयोजक हैं। इसी प्रकार सोहन लाल शर्मा पूर्व पार्षद रहे हैं और वर्तमान में आदर्श मंडल अध्यक्ष हैं। मोहन राजोरिया और राजेश घाटे शहर भाजपा में जिला मंत्री हैं।
जहां तक जातीय समीकरण का सवाल है अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में सिंधी, बनिया और राजपूत समाज को प्रतिनिधित्व मिला है, जबकि दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में ब्राह्मण, कोली और महाराष्ट्रियन राजपूत को मौका मिला है।
-तेजवानी गिरधर
7742067000