रविवार, 11 मार्च 2012

आखिर कब बनेगी शहर भाजयुमो की कार्यकारिणी


भारतीय जनता युवा मोर्चा की शहर जिला कार्यकारिणी बीरबल की खिचड़ी हो गई है। असंतुष्ट गुट को राजी न किए जा पाने के कारण गाडी गीयर में अटकी हुई है। नतीजतन नए शहर अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह शेखावत की हालत भी त्रिशंकु वाली हो गई है। मन ही मन सोचते होंगे कि ये कहां फंस गया। न जाने कौन से मुहूर्त में नियुक्ति करवा ली थी।
यहां उल्लेखनीय है कि इस विवाद पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए यह साफ कर दिया है कि शहर अध्यक्ष पद पर देवेन्द्र सिंह शेखावत की नियुक्ति का संगठन फैसला ले चुका है, अत: इसे अब बदला नहीं जाएगा। इसके पीछे तर्क ये भी दिया जा रहा है कि असंतुष्ट गुट ने अनुशासन की सारी सीमाएं लांघ कर पार्टी की किरकिरी की है। अगर संगठन झुकता है तो और अधिक किरकिरी होगी। फिलहाल तो कोई रद्दोबदल नहीं किया जा सकता। चतुर्वेदी के रुख को भांपने के बाद असंतुष्ट गुट कुछ मायूस जरूर है, मगर समानांतर संगठन चलाने को लेकर कदम पीछे हटाने को तैयार भी नहीं है। लगता है कि वह अब भी दबाव की राजनीति करना चाहता है। उम्मीद की जा रही है कि चतुर्वेदी के यह कहने पर कि सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी में पूरा सम्मान और दायित्व दिया जाएगा, असंतुष्ट नरम पड़ सकते हैं। इसी के मद्देनजर शेखावत ने शहर जिला भाजपा अध्यक्ष रासासिंह रावत के साथ मिल कर कार्यकारिणी के गठन की कवायद तेज कर दी है।
असल में रावत के काफी दिन तक बीमार होने के कारण शेखावत टीम तैयार करने के बावजूद उसे घोषित नहीं करवा सके। अब जब कि रावत अजमेर आ गए हैं, कार्यकारिणी गठन को अंजाम तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। इसमें अन्य पदाधिकारियों का भी सहयोग लिया जा रहा है। जानकारी के अनुसार असंतुष्ट कार्यकर्ताओं में संघ के कर्मठ कार्यकर्ता भी शामिल हैं, इस कारण संघ ने भी दखल दे कर मामला सुलझाने की कोशिश शुरू की है।
यूं हर संगठन में इस प्रकार के विवाद की स्थिति आती है, मगर मात्र एक अग्रिम संगठन की कार्यकारिणी लंबे समय तक अटकने पर राजनीतिक जानकारी अचरज जाहिर कर रहे हैं। जाहिर है कि असंतुष्ट गुट काफी प्रभावशाली है और उसे दरकिनार करना पार्टी को भारी पड़ सकता है, इस कारण संगठन सुलह कराने के बाद ही कार्यकारिणी घोषित करना चाहता है ताकि विवाद आगे न बढ़े।
-तेजवानी गिरधर
7742067000
tejwanig@gmail.com

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें