रविवार, 11 दिसंबर 2011

देवनानी व भदेल के टकराव से उबरने में जुटी भाजपा



फिर से रिंग मास्टर की भूमिका में आने लगे हैं लखावत
अजमेर। शहर के दोनों भाजपा विधायकों प्रो. वासुदेव देवनानी व श्रीमती अनिता भदेल के बीच आए दिन होते टकराव से भट्टे बैठी शहर भाजपा को दोनों से उबारने की कोशिशें लगातार जारी हैं। पहले दोनों की पसंद के दावेदारों को दरकिनार कर बीच का रास्ता अख्तियार कर प्रो. रासासिंह रावत को अध्यक्ष बनाया दिया गया। इसके बाद शहर भाजपा युवा मोर्चा के मामले में भी दोनों विधायकों की सिफारिश को एक तरफ रख कर देवेन्द्र सिंह शेखावत को अध्यक्ष बना दिया गया और अब शहर भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष पद भी उनकी राय को ठेंगा दिखा कर जयंती तिवारी को दिया गया है।
असल में भाजपा का आम कार्यकर्ता इन दोनों विधायकों की आपसी रंजिश से बेहद त्रस्त रहा है। दोनों के टकराव के चलते पार्टी अपने लगभग जीते हुए प्रत्याशी डॉ. प्रियशील हाड़ा को मेयर नहीं बनवा सकी। हालांकि अपने-अपने पार्षद प्रत्याशियों के लिए काम करने से बोर्ड में भाजपा का बहुमत तो बन गया, मगर मेयर का चुनाव भाजपा हार गई। दोनों के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई के चलते लोकसभा चुनाव में भी श्रीमती किरण माहेश्वरी को हार का मुंह देखना पड़ा था। तब पार्टी साफ तौर पर देवनानी बनाम एंटी देवनानी गुट में बंटी हुई थी। इसका परिणाम ये हुआ कि संगठन पूरी तरह से सक्रिय नहीं हुआ और जहां दस हजार वोटों की बढ़त की उम्मीद थी, वह मात्र 2 हजार 948 पर सिमट गई। दक्षिण में तो हालत बेहद खराब हुई। वहां विधानसभा चुनाव में हासिल की गई 19 हजार 306 मतों की बढ़त तो सिमटी ही, उलटा 2 हजार 157 मतों से मात खानी पड़ी। कुल मिला कर पार्टी हाईकमान को यह समझ में आ गया है कि इन दोनों की खींचतान के कारण नुकसान हो रहा है। ऐसे में जब शहर अध्यक्ष का नाम तय करने का मौका आया तो काफी जद्दोजहद के बाद गुटबाजी का समाप्त करने के लिए रावत को फाइनल कर दिया गया। हालांकि अब भी पार्टी देवनानी व भदेल के गुटों में बंटी हुई है और इन दोनों से पूरी तरह से उबर नहीं पाई है, लेकिन धीरे-धीरे इन दोनों के वर्चस्व से संगठन को मुक्त करने की कोशिशें जारी हैं। उसी सिलसिले में शहर भाजपा युवा मोर्चा के मामले में देवनानी गुट के नितेष आत्रे व भदेल गुट के गौरव टांक को हाशिये पर रख कर देवेन्द्र सिंह शेखावत को अध्यक्ष बना दिया गया। अजमेर भाजपा के भीष्म पितामह औंकार सिंह लखावत के दखल से हुई नियुक्ति पर देवनानी गुट ने जितना उबाल खाया, वह किसी से छिपा हुआ नहीं है। शेखावत का विरोध करने के लिए पार्टी अनुशासन को तार-तार कर दिया गया। आज भी मोर्चा दो गुटों में ही बंटा हुआ है। इस तरह की गुटबाजी से खता खायी भाजपा ने एक बार फिर महिला मोर्चा के मामले में तीसरे विकल्प का रास्ता अख्तियार कर लिया। देवनानी गुट की पार्षद भारती श्रीवास्तव और भदेल गुट की हेमलता शर्मा को दरकिनार कर जयंती तिवारी के नाम पर ठप्पा लगा दिया गया है। हालांकि प्रत्क्षत: गुट देवनानी व भदेल के ही कहलाते हैं, मगर वस्तुस्थिति ये है कि अब एक तरफ देवनानी हैं तो दूसरी ओर भदेल व अन्य सभी। अर्थात भाजपा का एक बड़ा धड़ा देवनानी के खिलाफ है, मगर इसके बावजूद पार्टी के कुछ समझदार नेता भदेल को भी ज्यादा भाव नहीं देना चाहते, इस कारण जहां देवनानी की राय को दरकिनार करते हैं, वहीं भदेल को भी सब्र रखने की सीख देते हैं। इसकी वजह ये है कि देवनानी किसी भी सूरत में भदेल की ओर से सुझाये गए नाम पर सहमति देने को राजी नहीं होते। वे ज्यादा हंगामा न कर सकें, इस कारण दोनों की ओर से सुझाए गए नामों की बजाय तीसरा विकल्प तलाशा जाता है। ताजा प्रकरणों से यह भी पूरी तरह से साफ होने लगा है कि जो लखावत प्रदेश के बड़े नेता होने के बाद भी एक समय में शहर में टांग नहीं अड़ा पा रहे थे, अब वे सीधा दखल करने लगे हैं। यानि कि वे फिर से रिंग मास्टर की भूमिका में आने लगे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें