गुरुवार, 8 सितंबर 2011

अजमेर शहर भाजपा में बन रहा है नया गुट

शहर जिला भाजपा में यूं तो तीन-चार गुट हैं, मगर मूल रूप से एक गुट विधायक प्रो. वासुदेव देवनानी का और एक उनके खिलाफ वालों का है। कम से कम देवनानी के मामले में उनके विरोधी सभी लोग एक हो जाते हैं। विधायक श्रीमती अनिता भदेल का सौभाग्य रहा कि उनके खिलाफ कोई गुट नहीं था। उन्हें केवल देवनानी से ही टक्कर लेनी पड़ती रही है। मगर अब समीकरण कुछ बदले हैं। श्रीमती भदेल के खिलाफ भी एक लॉबी बन गई है। इनमें मुख्य रूप से नगर निगम मेयर के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे डॉ. प्रियशील हाड़ा उभर कर आए हैं। यहां उल्लेखनीय है कि डॉ. हाड़ा की हाल के एक प्रमुख कारण में श्रीमती भदेल का असहयोग भी रहा। वे नहीं चाहती थीं कि अजमेर में अनुसूचित जाति का दूसरा नेता उभर कर आए। इसी प्रकार श्रीमती भदेल के कारण हाशिये पर चले गए पूर्व राज्य मंत्री श्रीकिशन सोनगरा भी उन्हें निपटाने के लिए घात लगा कर बैठे हैं। वे भी इस नए गुट में सहयोग कर रहे हैं। उनका सहयोग नगर निगम के पूर्व उपसभापति सोमरत्न आर्य भी कर रहे हैं। बताते हैं कि अजमेर से लोकसभा चुनाव हार चुकी श्रीमती किरण माहेश्वरी का नए गुट को वरदहस्त मिल रहा है। यह गुट चूंकि देवनानी के विरुद्ध ही है, इस कारण उनका सहयोग तो नहीं ले रहा, मगर अपने स्तर पर ही लामबंद हो रहा है। हालांकि अभी चुनाव दूर हैं, इस कारण जो खिचड़ी पक रही है, उसका परिणाम तभी आएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें